Motihari drug trafficking: मोतिहारी में नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा, अक्टूबर में 51 तस्कर गिरफ्तार

Motihari drug trafficking: मोतिहारी में एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर सूखा नशा के खिलाफ अभियान चलाया गया। अक्टूबर में 51 तस्कर गिरफ्तार हुए और गांजा, स्मैक, चरस समेत बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए गए।

Motihari drug trafficking: मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर मोतिहारी पुलिस ने सूखा नशा के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अक्टूबर महीने में पुलिस ने 51 कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें 48 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत 35 केस दर्ज किए हैं और अब नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।


पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान गांजा, स्मैक, चरस, नशीले इंजेक्शन और कफ सिरप समेत बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।


गांजा से लेकर नशीले इंजेक्शन तक बरामद


एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि अक्टूबर महीने में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई की। इस दौरान 205.953 किलोग्राम गांजा, 50.566 ग्राम स्मैक और 12.886 किलोग्राम चरस बरामद किया गया। इसके अलावा 3,252 नशीले इंजेक्शन, 206 पीस ऑनरेक्स कफ सिरप और 80 पीस गोगो भी जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इन सभी मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।


नेपाल से सटे होने के कारण तस्करी पर नजर


एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि शराबबंदी के बाद नेपाल से सटे होने के कारण जिले में सूखा नशा का कारोबार फैलने की सूचना मिल रही थी। युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी पुलिस ने अभियान चलाकर तीन दर्जन से अधिक नशा तस्करों को न्यायालय से सजा दिलाने में सफलता हासिल की थी। अब अक्टूबर में हुई कार्रवाई के बाद पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की पहचान करने में जुटी है।

मोतिहारी से हिमांशु की रिपोर्ट