नेपाल से मादक पदार्थ की तस्करी नाकाम: मोतिहारी में XUV-500 कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद, 3 गिरफ्तार

पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के हरसिद्धि में अरेराज डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने नेपाल से लग्जरी कार के तहखाने में ला रहे 58 किलो से अधिक गांजा जब्त कर मुख्य सरगना नाजिम खान समेत 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है।

मोतिहारी में XUV-500 कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद, 3 गिरफ्तार- फोटो : Reporter

पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। नेपाल से लग्जरी कार के जरिए गांजा की बड़ी खेप तस्करी कर लाए जा रहे एक शातिर अपराधी समेत तीन तस्करों को पुलिस ने धर दबोचा है। अरेराज डीएसपी पंकज कुमार मिश्र को मिली गुप्त सूचना के आधार पर हरसिद्धि थाना पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि तस्कर रक्सौल बॉर्डर से छपवा होते हुए अरेराज की तरफ जाने वाले हैं।


कार के तहखाने और बैकलाइट में छिपाकर रखा गया था 58 किलो से अधिक गांजा

सूचना के बाद गठित पुलिस टीम और दंडाधिकारी ने संयुक्त रूप से वाहन जांच शुरू की। जांच के दौरान छपवा की तरफ से आ रही एक काले रंग की महिंद्रा XUV-500 कार को रोका गया। कार की सघन तलाशी लेने पर उसके बीच व पीछे की सीट के नीचे बने तहखाने और बैकलाइट के कवर के अंदर छिपाकर रखे गए गांजा के कुल 17 पैकेट बरामद किए गए। जब्त किए गए इस अवैध मादक पदार्थ का कुल वजन 58.8 किलोग्राम है।


मुख्य सरगना नाजिम खान समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

वाहन जांच के दौरान पकड़े गए व्यक्तियों की निशानदेही और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगालते हुए लगातार छापेमारी की। इसके बाद हरसिद्धि थाना क्षेत्र के झड़वा गांव के रहने वाले मुख्य सरगना नाजिम खान को उसके घर से 130 ग्राम गांजा सैंपल और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में पुलिस ने कुल तीन तस्करों—नाजिम खान, सहीम राय (खजुरहिया बहादुरपुर, गोविन्दगंज) और सबीर हुसैन (राय टोला बहादुरपुर, अरेराज)—को दबोचा है।


भारी मात्रा में मादक पदार्थ और अन्य सामान जब्त, आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने तस्करों के पास से कुल 58.93 किलोग्राम गांजा, एक लग्जरी कार, दो मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और अन्य कागजात बरामद किए हैं। गिरफ्तार मुख्य आरोपी नाजिम खान का आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पूर्व से कई हत्या, लूट व एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस इस अंतरराष्ट्रीय व अंतरराज्यीय तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह खंगालने में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफल छापेमारी दल में अरेराज डीएसपी पंकज कुमार मिश्र और हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे।

मोतिहारी से हिमांशु की रिपोर्ट