मोतिहारी में हैवानियत: सुनसान रास्ते से नाबालिग को उठा ले गए बदमाश, विरोध करने पर दांतों से काटा, दो दबोचे

बिहार के मोतिहारी (रक्सौल) में एक नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात का आरोप लड़की के चचेरे भाई समेत 4-5 लोगों पर लगा है। विरोध करने पर पीड़िता को बुरी तरह घायल कर दिया गया।

बिहार के मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) जिले से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रक्सौल थाना क्षेत्र के एक गांव में एक नाबालिग लड़की को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया गया है। इस हैवानियत की वारदात का आरोप पीड़िता के चचेरे भाई समेत अन्य युवकों पर लगा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

खाली रास्ते का फायदा उठाकर किया अगवा

घटना के संबंध में पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की शाम करीब सात से साढ़े सात बजे के बीच उनकी बेटी गोवास (पशुशाला) से अपने घर लौट रही थी। घर और गोवास के बीच का रास्ता सुनसान और खाली था। इसी सूनेपन का फायदा उठाकर आरोपियों ने नाबालिग लड़की को जबरन उठा लिया और एक सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ गलत काम किया। जब लड़की ने इस घिनौनी हरकत का विरोध किया, तो आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट भी की।

विरोध करने पर दांतों से काटा, हालत गंभीर

आरोपियों की हैवानियत यहीं नहीं रुकी; विरोध करने पर उन्होंने किशोरी के चेहरे और शरीर को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया। उन्होंने पीड़िता के होंठ, छाती और उंगलियों पर दांतों से काटकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। लड़की की चीख-पुकार सुनकर जब उसका भाई मौके पर पहुंचा, तब तक सभी आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। परिजन जब इस घटना की शिकायत लेकर आरोपियों के घर पहुंचे, तो वे उल्टा मारपीट और लड़ने पर आमादा हो गए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

दो आरोपी गिरफ्तार, जांच में जुटे प्रशिक्षु IPS

सूचना मिलते ही रक्सौल पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल किशोरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। रक्सौल के थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु आईपीएस (IPS) हेमंत कुमार ने बताया कि इस मामले में पीड़िता के परिजनों की तरफ से आवेदन दिया गया है, जिसमें चचेरे भाई समेत 4-5 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

रिपोर्ट - हिमांशु कुमार