Bihar News : मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात का बड़ा एक्शन, 131 फरार अपराधियों पर इनाम का किया ऐलान, सरेंडर न करने पर होगी कुर्की
Bihar News : मोतीहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने कुख्यात अपराधियों,शराब माफियाओ,भू माफ़ियाओं पर बड़ी कार्रवाई की है। उनपर 8 लाख रूपये का इनाम घोषित किया गया है......पढ़िए आगे
MOTIHARI : पूर्वी चंपारण जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधियों, शराब माफियाओं व भू-माफियाओं का सिंडिकेट पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई की है। एसपी ने जिले के विभिन्न थानों से लंबे समय से फरार चल रहे 131 कुख्यात और वांछित अपराधियों की सूची जारी करते हुए उन पर नकद इनाम की घोषणा की है। इसके साथ ही पुलिस ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि इन अपराधियों ने जल्द ही न्यायालय या पुलिस के सामने आत्मसमर्पण (सरेंडर) नहीं किया, तो उनके घरों पर ढोल-नगाड़ों के साथ कुर्की-जब्ती की कड़ा प्रहार किया जाएगा। एसपी के इस कड़े रुख से जिला छोड़ भाग रहे अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
131 अभियुक्तों पर इनाम
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सूची के अनुसार, इन 131 फरार अपराधियों पर हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, रंगदारी, जहरीली शराब कांड, एनडीपीएस (मादक पदार्थ तस्करी) और भू-माफिया जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इस सूची में सबसे अधिक 43 शराब व स्प्रिट तस्कर, 34 लूट व डकैती के आरोपी, 16 आर्म्स एक्ट के अभियुक्त के अलावा कुख्यात एटीएम (ATM) कटिंग गिरोह और जहरीली शराब कांडों के मुख्य मास्टरमाइंड भी शामिल हैं। पुलिस ने इन सभी की गिरफ्तारी को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा है।
इन आरोपियों पर ₹25-25 हजार का सबसे बड़ा इनाम
इनाम की राशियों का वर्गीकरण करते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि सबसे बड़ी इनामी राशि 25-25 हजार रुपये तय की गई है। यह इनाम तुरकौलिया थाना कांड संख्या 174-26 के तहत दर्ज हाई-प्रोफाइल जहरीली शराब मामले के मुख्य आरोपी चंदन कुमार और सूरज कुमार पर घोषित हुआ है। इसके अलावा, रघुनाथपुर इलाके में हुए सनसनीखेज एटीएम कटिंग कांड में शामिल अंतरराज्यीय गिरोह के शातिर अपराधी हरियाणा निवासी साहजत और जुनैद पर भी 25-25 हजार रुपये के इनाम की मुहर लगाई गई है। इसी क्रम में, तुरकौलिया शंकर सरैया के बड़े स्प्रिट तस्कर रंजीत यादव, राजकुमार राय, राजकुमार राव और संजीव यादव पर 10-10 हजार रुपये का इनाम रखा गया है। वहीं आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमले के आरोपी आदापुर औरेया निवासी राज मोहम्मद, मधुबन जोगौलिया के मनोज भगत तथा पकड़ीदयाल धनौजी निवासी बसंत पासवान पर भी 10-10 हजार रुपये की राशि घोषित की गई है। इसके अतिरिक्त, अपराध की गंभीरता के आधार पर अन्य फरार आरोपियों पर आठ हजार, सात हजार, पांच हजार और तीन हजार रुपये तक के इनाम शामिल हैं।
सूचना पर इनाम
एसपी ने प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया कि जो भी सजग नागरिक या मुखबिर इन वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस को कोई भी सटीक या पक्की सूचना उपलब्ध कराएगा, उसे तयशुदा इनाम की राशि तुरंत प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही, सूचना देने वाले व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उसका नाम और पहचान पूरी तरह से सीक्रेट (गोपनीय) रखी जाएगी। जनता के सहयोग के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा एक विशेष मोबाइल नंबर 9031827100 भी जारी किया गया है, जिस पर सीधे सूचना दी जा सकती है।
हिमांशु की रिपोर्ट