शिक्षा के मंदिर में हैवानियत: मोतिहारी में गुरुजी बने जल्लाद, युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा

मोतिहारी के पचपकड़ी में शिक्षक की शर्मनाक करतूत। चोरी के शक में युवक को चापाकल से बांधकर लाठी से पीटा। देखें वायरल वीडियो और पुलिस की कार्रवाई की पूरी खबर।

मोतिहारी में गुरुजी बने जल्लाद, युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा- फोटो : Reporter

बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में पचपकड़ी थाना क्षेत्र के भंडार स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बसहिया में एक युवक को स्कूल के चापाकल से बांधकर बेरहमी से पीटा जा रहा है। चोरी के मामूली आरोप में कानून हाथ में लेते हुए स्कूल के ही एक शिक्षक ने युवक की लाठी से जमकर पिटाई की, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पिटाई का लाइव वीडियो

इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होते ही लोगों में भारी आक्रोश है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक असहाय होकर चापाकल से बंधा हुआ है और शिक्षक उस पर लाठियां बरसा रहे हैं। मौके पर मौजूद कुछ लोग मूकदर्शक बनकर तमाशा देख रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इस 'तालिबानी सजा' की कड़ी निंदा की जा रही है और पुलिस से कार्रवाई की मांग उठ रही है।


चोरी का आरोप और ढाका का निवासी है पीड़ित

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिटाई का शिकार हुआ युवक ढाका थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। उस पर स्कूल में चोरी करने का आरोप लगाया गया था, जिसके बाद उसे पकड़कर सजा दी गई। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चोरी का आरोप कितना सच है या किस आधार पर लगाया गया था। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि आखिर किस परिस्थिति में शिक्षक ने कानून को धता बताकर युवक के साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार किया।


पुलिस जांच और स्कूल प्रशासन की चुप्पी

वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। शिक्षा के मंदिर में शिक्षक द्वारा की गई इस हिंसक कार्रवाई ने शिक्षण व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पचपकड़ी थाना पुलिस मामले की सत्यता की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। खबर लिखे जाने तक स्कूल प्रशासन या आरोपी शिक्षक की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।