मोतीहारी में गुरुजी के खर्राटों ने खोली शिक्षा व्यवस्था की पोल, क्लास में बच्चे खेलते रहे, कुर्सी पर सोते रहे शिक्षक, वीडियो वायरल
Bihar School News: शिक्षक स्कूल के समय में बरामदे में कुर्सी पर बैठकर कथित तौर पर गहरी नींद में खर्राटे लेते नजर आ रहे हैं, जबकि कक्षा में बच्चे पढ़ाई करने के बजाय खेलते दिखाई दे रहे हैं।
Motihari: शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अरेराज प्रखंड के एक सरकारी विद्यालय का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शिक्षक स्कूल के समय में बरामदे में कुर्सी पर बैठकर कथित तौर पर गहरी नींद में खर्राटे लेते नजर आ रहे हैं, जबकि कक्षा में बच्चे पढ़ाई करने के बजाय खेलते दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो नवसृजित प्राथमिक विद्यालय बलहा अहिरटोली का बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग शिक्षा विभाग की कार्यशैली को लेकर तरह-तरह के सवाल उठा रहे हैं। कई लोग तंज कसते हुए कह रहे हैं—“देखिए शिक्षा मंत्री जी, आपके शिक्षक जागती आंखों से नहीं, बल्कि खर्राटों के बीच स्वप्न में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दे रहे हैं।”
गुरुजी सोते रहे, बच्चे खेलते रहे
वायरल फुटेज में शिक्षक के कुर्सी पर सोने का दावा किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ स्कूल के बच्चे कक्षा में इधर-उधर खेलते नजर आ रहे हैं। यदि वीडियो में दिख रहा दृश्य सही है, तो यह सरकारी स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई और शिक्षक की जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।स्थानीय लोगों का दावा है कि विद्यालय में करीब 45 बच्चे नामांकित हैं और दो शिक्षक पदस्थापित हैं। आरोप है कि समय पर विद्यालय नहीं खुलता और बच्चों की नियमित पढ़ाई भी प्रभावित होती है। इसी वजह से कई अभिभावक अपने बच्चों को निजी स्कूलों में भेजने को मजबूर हैं।
‘कागज पर चल रहा स्कूल!’
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में पढ़ाई की स्थिति संतोषजनक नहीं है और स्कूल का संचालन महज कागजी खानापूर्ति तक सिमट गया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।वीडियो वायरल होने के बाद अब सवाल शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर है। क्या स्कूल ड्यूटी के दौरान शिक्षक के सोने और बच्चों के पढ़ाई के बजाय खेलने के मामले में कार्रवाई होगी? क्या विभाग वायरल वीडियो की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाएगा? फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और शिक्षा विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार