Bihar News : मोतिहारी में नकली सरसों तेल फैक्ट्री का पुलिस ने किया भंडाफोड़, नामी ब्रांड्स के रैपर किया बरामद, भारी मात्रा में नकली तेल किया ज़ब्त
Bihar News : मोतिहारी के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में नकली सरसों तेल बनाने वाली एक फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. जहाँ पुलिस ने भारी मात्रा में नकली तेल जब्त किया है.....पढ़िए आगे
MOTIHARI : जिले में प्रशासनिक उदासीनता के बीच धड़ल्ले से फल-फूल रहे नकली सरसों तेल के काले कारोबार पर पुलिस ने एक बड़ी चोट की है। मिलावटी व नकली सरसों तेल इंसानी स्वास्थ्य के लिए 'मीठा जहर' साबित हो रहा है, जिसे लेकर पुलिस और ब्रांडेड कंपनियों की टीम ने संयुक्त रूप से एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की इस दबिश से जिले के मिलावटखोरों और अवैध कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।
ब्रांडेड कंपनियों की शिकायत पर हुई संयुक्त छापेमारी
मामला जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने नकली सरसों तेल बनाने वाली एक अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। दरअसल, नामी गिरामी तेल कंपनियों को पिछले काफी समय से इनपुट मिल रहे थे कि उनके नाम का गलत इस्तेमाल कर बाजार में नकली और मिलावटी तेल बेचा जा रहा है। इन शिकायतों के सत्यापन के बाद कंपनी के अधिकारियों/प्रतिनिधियों और रघुनाथपुर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से वार्ड संख्या-29 स्थित एक मकान में छापेमारी की, जहां अवैध रूप से यह फैक्ट्री संचालित की जा रही थी।
कई बड़े ब्रांड्स का चल रहा था खेल
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जब मकान के भीतर का नजारा देखा तो दंग रह गई। वहां नामी कंपनियों के नाम पर नकली तेल तैयार कर उसे पैक करने का खेल चल रहा था। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में तैयार नकली सरसों तेल, नामी ब्रांडेड कंपनियों के फर्जी स्टिकर (रैपर), हजारों खाली बोतलें, ढक्कन, पैकिंग सामग्रियां तथा तेल निर्माण व मिलावट में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल बरामद किया है। पुलिस ने मौके से बरामद सभी सामानों को जब्त कर लिया है।
किन-किन इलाकों में होती थी सप्लाई, जांच में जुटी पुलिस
रघुनाथपुर थाना अध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर संबंधित गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि इस फैक्ट्री से तैयार नकली और जहरीला तेल मोतिहारी के अलावा किन-किन शहरों और ग्रामीण इलाकों के दुकानदारों तक सप्लाई किया जा रहा था।
संचालकों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी, प्रशासन की अपील
पुलिस इस अवैध फैक्ट्री के मुख्य संचालकों और इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि बाजार से कोई भी खाद्य सामग्री या सरसों तेल खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, सील और पैकेजिंग की अच्छी तरह जांच कर लें। किसी भी तरह का संदेह होने पर इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।
हिमांशु की रिपोर्ट