Bihar Crime: हुजूर, जेल से छूटा बदमाश दे रहा धमकी... दबंगई पर एसपी का सख्त एक्शन, 50 अपराधियों पर गिरी गाज

Bihar Crime: जेल से बेल पर छूटे अपराधियों की दबंगई पर अब पुलिस का शिकंजा कसने लगा है।...

हुजूर, जेल से छूटा बदमाश दे रहा धमकी... - फोटो : reporter

Bihar Crime: जेल से बेल पर छूटे अपराधियों की दबंगई पर अब पुलिस का शिकंजा कसने लगा है। जनतादरबार में एक फरियादी ने गुहार लगाई “हुजूर, जेल से छूटा अपराधी मुझे धमकी दे रहा है।” शिकायत मिलते ही एसपी स्वर्ण प्रभात ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित थानेदार को बेल कैंसिलेशन का प्रस्ताव भेजने का सख्त निर्देश दिया। साथ ही जिलेभर में बेल पर बाहर आए 50 चिन्हित अपराधियों की जमानत रद्द कराने की प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया गया है।

सरकार के निर्देश पर एसपी स्वर्ण प्रभात लगातार विभिन्न थानों में जनता दरबार लगाकर पीड़ितों की ऑन-द-स्पॉट सुनवाई कर रहे हैं। इसी क्रम में पहाड़पुर थाना परिसर में आयोजित जनतादरबार में 38 परिवादियों की फरियाद सुनी गई। एक पीड़ित ने आरोप लगाया कि जेल से छूटकर आया आरोपी उसे लगातार धमका रहा है और दोबारा वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने सभी थाना अध्यक्षों को निर्देश दिया कि बेल पर बाहर आकर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त अपराधियों की सूची तैयार कर तत्काल बेल कैंसिलेशन का प्रस्ताव न्यायालय को भेजें।

जनतादरबार में आर्केस्टा कार्यक्रम को लेकर हुए विवाद और मारपीट की शिकायत भी सामने आई। इस पर एसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए क्षेत्र में संचालित अवैध आर्केस्टा आयोजकों पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया। साफ कहा गया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भूमि विवाद और लंबित मामलों पर भी त्वरित निर्देश दिए गए। एक वृद्ध फरियादी ने आरोप लगाया कि विपक्षी जमीन की मापी नहीं होने दे रहे और विरोध करने पर मारपीट करते हैं। एसपी ने थानेदार और राजस्व कर्मियों को मापी की तिथि पर मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई सुनिश्चित करने और दबंगई करने वालों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का आदेश दिया।

एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि 38 मामलों की सुनवाई कर कई का मौके पर निस्तारण किया गया। उन्होंने दोहराया कि जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। जिले में 50 अपराधियों को बेल कैंसिलेशन के लिए चिन्हित किया गया है, जिनके खिलाफ जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी की सख्ती से फरियादियों में राहत और भरोसे का माहौल देखा गया।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार