Bihar Crime : मोतिहारी में छात्र हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, प्रेम प्रसंग के विवाद में चाकू से गोदकर हुई थी हत्या, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

Bihar Crime : मोतिहारी के कोटवा थाना क्षेत्र के कॉलेज गेट पर छात्र रितेश यादव की निर्मम हत्या मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

छात्र हत्याकांड का खुलासा - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : मोतिहारी के कोटवा में परीक्षा देकर जा रहे छात्र रितेश यादव की कालेज गेट पर हुई चाकू मार हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बाइक, जूते और खून लगे कपड़े भी बरामद किए हैं। वही पुलिस ने घटना में शामिल और अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है।

बताया जा रहा है कि रितेश यादव की हत्या बेहद निर्मम तरीके से की गई थी। आरोप है कि सरोज यादव, सोनू यादव और उनके सहयोगियों ने मिलकर रितेश पर करीब 15 बार चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस पर भी जल्द खुलासा करने का दबाव बढ़ गया था।पुलिस ने देर रात छापेमारी कर हत्या में शामिल सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी सरोज यादव अब भी फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, रितेश यादव और सरोज यादव सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर पोस्ट किया करते थे। इसी दौरान रितेश की बहन से सरोज यादव का प्रेम संबंध हो गया था। इस बात को लेकर दोनों के बीच दिसम्बर माह में ही  विवाद और मारपीट हुई थी। बताया जाता है कि पिछले वर्ष रितेश ने सरोज यादव की पिटाई भी की थी। उसी पुरानी रंजिश और बदला लेने की नीयत से इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।

सदर एसडीपीओ-2 जितेश पांडे ने बताया कि मामले का सफल उद्भेदन कर लिया गया है। इस हत्याकांड में कुल 6 लोग शामिल हैं, जिनमें एक आरोपी सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

हिमांशु की रिपोर्ट