दीपावली और छठ से पहले KFC, डोमिनोज़ पिज्जा और अन्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, एक्सपायरी सामान और भारी अनियमितताएं उजागर

मोतिहारी में त्योहारी सीजन के मद्देनजर प्रशासनिक अधिकारियों की ताबड़तोड़ छापेमारी में KFC, डोमिनोज़ पिज्जा जैसे नामी-गिरामी प्रतिष्ठानों में एक्सपायरी सामान और भारी अनियमितताएं उजागर हुई है। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से सजग रहने की अपील की है...

KFC, डोमिनोज़ पिज्जा जैसे प्रतिष्ठानों में मिले एक्सपायरी सामान- फोटो : हिमांशु

Motihari : दीपावली और छठ महापर्व के दौरान आम जनता को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोतिहारी में बड़ी कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर सदर एसडीओ अरुण कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी कुमारी प्रियंका और नगर परिषद की टीम ने संयुक्त रूप से कई प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट और स्टोरों पर औचक छापेमारी की।


KFC रेस्टोरेंट में गंदगी का अंबार और रिहीटेड तेल का इस्तेमाल

छापेमारी की शुरुआत केएफसी (KFC) रेस्टोरेंट से की गई, जहाँ जांच के दौरान साफ-सफाई का भारी अभाव पाया गया। रेस्टोरेंट में वेस्ट सेग्रीगेशन (कचरा प्रबंधन) नियमों के अनुसार नहीं किया जा रहा था और धड़ल्ले से रिहीटेड तेल का इस्तेमाल किया जा रहा था। इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए नगर निगम द्वारा ऑन द स्पॉट 5,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया और प्रतिष्ठान को सुसंगत प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किया गया।


डोमिनोज़ पिज्जा में एक्सपायरी प्रोडक्ट्स और वॉशरूम में मिली खाद्य सामग्री की ट्रे

इसके बाद डोमिनोज़ पिज्जा की दुकान पर छापेमारी की गई, जहाँ भारी मात्रा में एक्सपायरी प्रोडक्ट्स पाए गए। यहाँ तक कि उपभोक्ताओं के इस्तेमाल वाले वॉशरूम में भी साफ-सफाई नहीं थी और खाद्य पदार्थ ले जाने वाली ट्रे को वॉशरूम में ही रखा गया था। इसके अलावा इमरजेंसी एग्जिट भी ब्लॉक पाया गया। इस पर भी नगर निगम द्वारा जुर्माना लगाया गया और कानूनी कार्रवाई के लिए नोटिस दिया गया।


ब्लाइंसिटेड स्टोर और शांति स्वीट्स पर भी कसा शिकंजा

कम समय में घरेलू सामान उपलब्ध कराने वाले 'ब्लाइंसिटेड' स्टोर की जांच के दौरान काम कर रही तीन लड़कियां प्रथम दृष्टया सरकार द्वारा निर्धारित आयु से कम उम्र की पाई गईं, जिनका दस्तावेज तुरंत उपलब्ध नहीं कराया गया। स्टोर में फल-सब्जियों जैसे खराब होने वाले सामानों को मुख्य स्टोर से अलग नहीं रखा गया था जिससे खराब सामान डिलीवर होने की आशंका थी, साथ ही कुछ प्रोडक्ट्स एक्सपायर भी मिले। वहीं, चांदमारी चौक स्थित 'शांति स्वीट्स' की जांच में सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग और लीगल मेट्रोलॉजी एक्ट का उल्लंघन पाया गया, जिस पर जुर्माना और नोटिस की कार्रवाई की जा रही है।


प्रशासन की कड़ी चेतावनी, उपभोक्ताओं से की गई सजग रहने की अपील

प्रशासन ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कड़ी चेतावनी दी है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और विश्वास के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, फायर सेफ्टी और साफ-सफाई के नियमों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी रेस्टोरेंट में जाएं तो साफ-सफाई और किचन की व्यवस्था पर नजर रखें तथा किसी भी गड़बड़ी की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।


हिमांशु की रिपोर्ट