Bihar News : मोतिहारी के स्कूल में बच्चों के MDM पर डाका, लेबर-मिस्त्री को परोसा जा रहा नौनिहालों का खाना, वीडियो वायरल

Bihar News : मोतीहारी में स्कूल के बच्चों के पोषण के बदले लेबर मिस्त्री को एमडीएम का खाना खिलाया जा रहा है. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है......पढ़िए आगे

एमडीएम पर डाका - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज प्रखंड स्थित उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय गोविंदगंज नवादा से शिक्षा विभाग और स्कूल प्रशासन की बड़ी संवेदनहीनता और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। सरकारी स्कूल में नामांकित नौनिहालों के पोषण के लिए मिलने वाले मध्याह्न भोजन (MDM) को बच्चों की जगह सड़क ढलाई का काम कर रहे मजदूर और मिस्त्रियों को खिलाया जा रहा है। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने विभागीय कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्कूल के बरामदे में बच्चों के बजाय रोड निर्माण में लगे लेबर और मिस्त्री पंगत में बैठे हुए हैं और स्कूल की रसोइया उन्हें मिड-डे मील का खाना परोस रही है। वीडियो के बैकग्राउंड में बच्चों के खेलने और शोर मचाने की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं। आरोप है कि हेडमास्टर और ठेकेदार के बीच साठगांठ के तहत पैसों के लेन-देन के बदले मजदूरों के लिए एमडीएम के राशन का इस्तेमाल किया जा रहा है।

स्थानीय निवासियों और अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल में बच्चों को मेन्यू के हिसाब से गुणवत्तापूर्ण भोजन कभी नहीं दिया जाता और पोषण की राशि को मिलीभगत कर हड़प लिया जाता है। लोगों का यह भी कहना है कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद अक्सर मामले को दबा दिया जाता है और दोषियों पर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, जिससे स्कूल प्रबंधन के हौसले बुलंद हैं।

यह मामला इसलिए भी बेहद चिंताजनक है क्योंकि महज एक सप्ताह पहले ही पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। डीएम ने स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए थे कि जिले के सभी स्कूलों में एमडीएम व्यवस्था को हर हाल में पारदर्शी और सुदृढ़ बनाया जाए। डीएम के कड़े रुख के बावजूद जमीनी स्तर पर अधिकारियों और एचएम की यह लापरवाही विभागीय साख पर धब्बा लगा रही है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद आम लोगों में भारी आक्रोश है और सभी दोषी हेडमास्टर, ठेकेदार तथा लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी व अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हालांकि, न्यूज4नेशन इस वायरल वीडियो के सत्यता की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन मामले ने तूल पकड़ लिया है।

हिमांशु की रिपोर्ट