Bihar News : मोतिहारी में बेखौफ अपराधियों का तांडव, SBI CSP संचालक को गोली मारकर लूटे 4 लाख रुपये, जांच में जुटी पुलिस

Bihar News : मोतीहारी जिला के चिरैया थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने एसबीआई के एक सीएसपी संचालक को गोली मारकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया है.....पढ़िए आगे

सीएसपी संचालक से लूट - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : पूर्वी चंपारण जिले के चिरैया थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है। दीपही और बगहा गांव के बीच स्थित एक बगीचे के पास गुरुवार दोपहर अपाचे बाइक पर सवार तीन नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने भारतीय स्टेट बैंक के एक सीएसपी संचालक को गोली मारकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया।

घायल सीएसपी संचालक की पहचान घोड़ासहन थाना क्षेत्र के महुआही मुर्शिदाबाद निवासी बृजलाल साह के पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो पिछले कई वर्षों से भेलवा बाजार पर एसबीआई के सीएसपी का संचालन करते हैं। घटना के समय मुकेश कुमार हमेशा की तरह एसबीआई की बगहा शाखा से पैसे निकालकर अपने सीएसपी केंद्र लौट रहे थे। इसी दौरान बैंक से ही पीछा कर रहे बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और बांह में गोली मारकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया। बताया जा रहा है कि बैग में करीब 4 लाख रुपये थे।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल संचालक को मोतिहारी के एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए दीपही शेख टोली की ओर आसानी से फरार हो गए। परिजनों ने बताया कि लगभग दो साल पहले भी अपराधियों ने मुकेश कुमार के सीएसपी में घुसकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था।

घटना की सूचना मिलते ही सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार और चिरैया थानाध्यक्ष अंबेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। थानाध्यक्ष अंबेश कुमार ने बताया कि घायल संचालक के पूर्ण बयान के बाद ही लूटी गई राशि का सटीक आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

हिमांशु की रिपोर्ट