Bihar News: पुलिस अधीक्षक का अपराधियों पर कानून का हथौड़ा, 30 दिन में आर्म्स एक्ट के 13 दोषियों को कोर्ट से सजा
Bihar News:अवैध हथियार रखने और उसके जरिए आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वालों के खिलाफ मोतिहारी पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है।...
Bihar News:अवैध हथियार रखने और उसके जरिए आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वालों के खिलाफ मोतिहारी पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है। एसपी स्वर्ण प्रभात की निगरानी में चल रहे ‘अभियान सजा’ के तहत पुलिस ने सिर्फ हथियार बरामद करने तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि मुकदमों की मजबूत पैरवी और प्रभावी अनुसंधान के जरिए आरोपियों को अदालत से सजा दिलाने पर भी जोर दिया है। इसी अभियान के तहत महज 30 दिनों में आर्म्स एक्ट के 13 अभियुक्तों को न्यायालय से सजा सुनाई गई है।एसपी स्वर्ण प्रभात के मुताबिक, जिले के अलग-अलग थानों में आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में पुलिस ने प्रभावी अनुसंधान किया और अभियोजन पक्ष ने मजबूती से अपना पक्ष रखा। इसके परिणामस्वरूप अदालत ने आरोपियों को दोषसिद्ध करते हुए सजा सुनाई। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में अब गिरफ्तारी और बरामदगी के साथ-साथ उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के जरिए सजा दिलाना भी अभियान का अहम हिस्सा है।
पुलिस के अनुसार, हरसिद्धि थाना के दो कांडों में धवही गांव निवासी इंदल पटेल, पचभेड़िया गांव निवासी संतोष कुमार और राहुल कुमार यादव को सजा मिली है।मुफस्सिल थाना के एक मामले में टिकुलिया निवासी मुखी राय को अदालत ने दोषी ठहराया। वहीं लखौरा थाना के मामले में गोढ़िया गांव निवासी सुधीर कुमार को सजा सुनाई गई।संग्रामपुर थाना के मामले में केसरिया थाना क्षेत्र के चांदपरसा गांव निवासी पवन सहनी और सोनू कुमार उर्फ सोनू सहनी को सजा मिली है।
इसी तरह रामगढ़वा थाना के मामले में जमुई आर्यनगर निवासी शमी उल्लाह, गड़हिया बाजार थाना के मामले में भगरुआ गांव निवासी अरमान आलम और अरेराज थाना के मामले में गोविंदगंज निवासी कृष्णा पासवान को अदालत से सजा दिलाई गई।इसके अलावा नगर थाना के एक मामले में संग्रामपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी आफताब आलम तथा कल्याणपुर थाना के मामले में सिसवा खरार गांव निवासी नवल किशोर सहनी और राकेश राम को भी दोषसिद्ध कर सजा सुनाई गई है।
मोतिहारी पुलिस पहले से ही अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चला रही है। पुलिस की कार्रवाई में अवैध हथियारों की बरामदगी के साथ मिनी गन फैक्ट्री का भी खुलासा किया गया है। वहीं अपराधियों और शराब व ड्रग्स तस्करी से जुड़े आरोपियों के खिलाफ कुर्की जैसी कार्रवाई भी की जाती रही है।
‘अभियान सजा’ के तहत 13 मामलों में अदालत से सजा मिलना पुलिस की इसी रणनीति का हिस्सा बताया जा रहा है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि प्रभावी अनुसंधान और सशक्त अभियोजन के जरिए अपराधियों को कानून के कटघरे तक पहुंचाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
रिपोर्ट- हिमांशु कुमार