Bihar News : मोतिहारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ढाका से पकड़ा गया पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से जुड़ा संदिग्ध, शहजाद भट्टी गैंग से मिले संबंध
Bihar News : मोतीहारी पुलिस ने बड़ी करवाई करते हुए पाकिस्तान के आतंकी संगठन शहजाद भट्टी गैंग के सक्रिय सदस्य को ढाका से गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे
MOTIHARI : जिले की पुलिस ने देशविरोधी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में ढाका थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बिसंभरहिया (बिसरहिया) गांव में छापेमारी कर पाकिस्तानी आतंकी/आपराधिक संगठन शहजाद भट्टी गैंग से जुड़े एक सक्रिय संदिग्ध को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात मोतिहारी पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति पाकिस्तान स्थित कुख्यात आपराधिक एवं आतंकी नेटवर्क के संपर्क में है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। जब पुलिस टीम बिसंभरहिया गांव के पास पहुंची, तो पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे खदेड़कर धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो० सेयाज आलम (पिता: समसुल हक), निवासी बिसरहिया, थाना-ढाका, जिला-पूर्वी चंपारण के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने उसकी विधिवत तलाशी ली, तो उसके पास से एक रेडमी एंड्रॉइड स्मार्टफोन बरामद हुआ। बरामद मोबाइल की जांच करने पर पुलिस को देशविरोधी सामग्री, आपत्तिजनक फोटो, वीडियो एवं आतंकी गतिविधियों से संबंधित कई रील्स/साक्ष्य प्राप्त हुए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ और मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पकड़ा गया आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी नेटवर्क के सक्रिय सदस्य अली गुज्जर के सीधे संपर्क में था। पुलिस बरामद डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच और आरोपी से सघन पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क की जड़ों और संभावित साजिशों का पर्दाफाश किया जा सके। मामले में आगे की कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
हिमांशु की रिपोर्ट