Bihar News : प्रेम जाल में फंसाकर प्रेमी ने प्रेमिका को रेड लाइट में बेचा, पुलिस ने ग्राहक बनकर किया रेस्क्यू, आरोपी को किया गिरफ्तार

Bihar News : मोतिहारी पुलिस ने ग्राहक बनकर पश्चिम बंगाल के रेड लाइट एरिया से तीन महीने से गायब एक युवती को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने उसके कथित प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया है....पढ़िए आगे

युवती का रेस्क्यू - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : जिले से मानव तस्करी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने ग्राहक बनकर पश्चिम बंगाल के रेड लाइट एरिया से तीन महीने से गायब एक युवती को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने युवती को प्रेम जाल में फंसाकर बेचने वाले उसके कथित प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र स्थित शाहपुर पट्टी निवासी कपिलदेव पंडित के पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, केसरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती को करीब तीन महीने पहले आरोपी रोहित कुमार ने प्रेम जाल और शादी के झांसे में फंसाकर अगवा कर लिया था और पश्चिम बंगाल के रेड लाइट एरिया में बेच दिया था। डर या अन्य कारणों से शुरुआत में परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी थी, लेकिन 7 अक्टूबर को जब पीड़िता ने अपनी मां को फोन करके अपनी आपबीती सुनाई, तो परिजनों के होश उड़ गए। मां के आवेदन पर केसरिया थाने में 8 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मोतिहारी एसपी के निर्देश पर चकिया डीएसपी संतोष कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। केसरिया थानाध्यक्ष राहुल कुमार और पुलिस टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक अनोखी रणनीति बनाई। टीम के एक अधिकारी ने ग्राहक बनकर पश्चिम बंगाल के पंजिपारा रेड लाइट एरिया में प्रवेश किया और पूरी सावधानी बरतते हुए नाटकीय ढंग से युवती की पहचान कर उसे सकुशल मुक्त करा लिया।

पुलिस की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई से महज 48 घंटे के भीतर इस बड़े मानव तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ हो गया। मुख्य आरोपी रोहित कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पीड़िता का न्यायालय में बयान दर्ज करा दिया गया है, जिसमें उसने रोहित कुमार और उसके तीन अन्य सहयोगियों द्वारा झांसा दिए जाने की बात कही है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

हिमांशु की रिपोर्ट