Bihar News : मोतीहारी में तस्कर को मोटी रकम लेकर छोड़ने वाला दारोगा सस्पेंड, SP की कार्रवाई से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

Bihar News : मोतिहारी में पहाड़पुर थाना अध्यक्ष अजय कुमार को शराब तस्कर से मिलीभगत करने और मोटी रकम लेकर उसे छोड़ने के गंभीर आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है......पढ़िए आगे

एसपी की बड़ी कार्रवाई - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : मोतीहारी में शराब माफिया और पुलिस की साठगांठ पर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बड़ी कार्रवाई की है। पहाड़पुर थाना अध्यक्ष अजय कुमार को शराब तस्कर से मिलीभगत करने और मोटी रकम लेकर उसे छोड़ने के गंभीर आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एसपी की इस सख्त कार्रवाई के बाद से जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप का माहौल बना हुआ है।

पूरा मामला पहाड़पुर थाना क्षेत्र का है, जहां थानाध्यक्ष अजय कुमार ने एक शराब तस्कर को पकड़ा था। हालांकि, उन्होंने इस गिरफ्तारी की कोई भी जानकारी स्टेशन डायरी में दर्ज नहीं की और आरोपी से सांठगांठ कर मोटी रकम ऐंठने के बाद उसे चुपचाप छोड़ दिया। मामले की भनक लगते ही स्थानीय स्तर पर इसकी शिकायत दर्ज कराई गई, जिसे एसपी ने बेहद गंभीरता से लिया।

मामले की सच्चाई जानने के लिए एसपी स्वर्ण प्रभात ने तुरंत संबंधित सर्किल इंस्पेक्टर को जांच का जिम्मा सौंपा। सर्किल इंस्पेक्टर द्वारा की गई त्वरित और गहन जांच में थानाध्यक्ष अजय कुमार के खिलाफ लगे सभी आरोप पूरी तरह सत्य पाए गए। जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि थानेदार ने पदीय कर्तव्य का उल्लंघन करते हुए शराब तस्कर को अवैध लाभ लेकर रिहा किया था।

जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने बिना किसी देरी के पहाड़पुर थानाध्यक्ष अजय कुमार को निलंबित कर दिया। एसपी स्वर्ण प्रभात की कार्यशैली का ही नतीजा है कि जिले में पिछले तीन दिनों के भीतर लापरवाही और भ्रष्टाचार के मामलों में तीन अलग-अलग थानेदारों पर गाज गिर चुकी है। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से गैर-जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

एसपी की इस कार्रवाई से यह साफ संदेश गया है कि शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने में किसी भी स्तर पर ढिलाई या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल, निलंबित थानेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की जा रही है, वहीं आम जनता में पुलिस कप्तान के इस कड़े रुख की काफी सराहना हो रही है।

हिमांशु की रिपोर्ट