Bihar News: तालाब बना काल, नहाने गए दो मासूम छात्रों की डूबकर मौत, गांव में पसरा मातम

Bihar News: एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं...

दो मासूम छात्रों की डूबकर मौत- फोटो : reporter

Bihar News: पूर्वी चंपारण के चकिया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। गणेश सिरसिया वार्ड नंबर-1 स्थित तालाब में नहाने के दौरान दो छात्रों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।मृतकों की पहचान गणेश सिरसिया वार्ड नंबर-2 निवासी मोहन ठाकुर के 13 वर्षीय पुत्र दिव्यांशु कुमार और अनमोल राय के 9 वर्षीय पुत्र आर्यन राज के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों छात्र क्रमशः कक्षा सात और कक्षा चार में पढ़ते थे।

ग्रामीणों के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 3 बजे तीनों छात्र घर से खेलने के लिए निकले थे। खेलते-खेलते तीनों गांव के सिवान स्थित तालाब के पास पहुंच गए। इसके बाद तीनों तालाब में नहाने लगे।इसी दौरान दिव्यांशु और आर्यन राज गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते दोनों पानी में डूब गए। हादसे के बाद उनके साथ मौजूद तीसरा छात्र बुरी तरह डर गया। ग्रामीणों के अनुसार उसे आशंका थी कि घरवालों से डांट पड़ेगी, इसलिए उसने तत्काल किसी को घटना की जानकारी नहीं दी।शाम तक जब दोनों बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों की बेचैनी बढ़ने लगी। परिवार और ग्रामीणों ने दोनों की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद तीसरे बच्चे से जानकारी मिली कि तीनों तालाब में नहाने गए थे और इसी दौरान दोनों गहरे पानी में डूब गए।जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण तालाब की ओर पहुंचे और काफी तलाश के बाद रात करीब 9 बजे दोनों छात्रों के उपलते शव बरामद किए गए। जैसे ही बच्चों की मौत की खबर उनके घरों तक पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई।घटना की सूचना मिलते ही चकिया थानाध्यक्ष धर्मप्रकाश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों मृतक छात्रों के शव बरामद कर लिए गए हैं और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद गांव में सबसे ज्यादा चर्चा दिव्यांशु को लेकर हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि दिव्यांशु अच्छा तैराक था और वह नहर के गहरे पानी में भी आसानी से तैर लेता था। ऐसे में लोगों को यह बात समझ में नहीं आ रही कि वह तालाब में कैसे डूब गया।ग्रामीणों को आशंका है कि जब आर्यन राज गहरे पानी में डूबने लगा होगा तो दिव्यांशु उसे बचाने के लिए आगे गया होगा और इसी कोशिश में खुद भी पानी में डूब गया। हालांकि इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और घटना की वास्तविक परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी।एक साथ दो मासूमों की मौत से गणेश सिरसिया गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। जिन बच्चों की किलकारियों से घर-आंगन गूंजता था, वहां अब परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बच्चों के तालाब, नदी और गहरे जलस्रोतों के पास जाने के दौरान निगरानी और सुरक्षा की जरूरत को सामने ला दिया है।

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार