Bihar News : मोतिहारी के छपवा और हरसिद्धि में टेंपो स्टैंड के नाम पर बेखौफ बदमाशों का तांडव, विरोध करने पर परिवार के साथ की मारपीट, वीडियो वायरल

Bihar News : मोतीहारी जिला में सुगौली के छपवा और हरसिद्धि में टेंपो स्टैंड के नाम पर बीच सड़क पर गुंडागर्दी टैक्स वसूली का खेल वर्षों से बेखौफ जारी है। इसी कड़ी में एक परिवार से मारपीट की गयी है.....पढ़िए आगे

अवैध वसूली - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली थाना क्षेत्र अंतर्गत छपवा और हरसिद्धि में टेंपो स्टैंड के नाम पर बीच सड़क 'गुंडागर्दी टैक्स' वसूली का खेल वर्षों से बेखौफ जारी है। बिना पार्किंग किए ही गुजरने वाले वाहनों से जबरन अवैध वसूली की जाती है, जिससे आए दिन भीषण जाम और मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इसी बीच छपवा में अवैध वसूली का विरोध करने पर टेंपो चालक और उसके परिवार के साथ दबंगों द्वारा की गई बदसलूकी व मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के बाद यह सवाल गर्मा गया है कि राज्य मुख्यालय और जिला प्रशासन के सख्त निर्देशों के बावजूद आखिर किसके इशारे पर यह अवैध वसूली का धंधा फल-फूल रहा है।

घटना के संदर्भ में छगरहा निवासी पीड़ित चंद्रिका राम ने सुगौली थाना पुलिस को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत के अनुसार, चंद्रिका राम अपनी पत्नी और बेटी को टेंपो में बैठाकर अरेराज मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह छपवा आदर्श हाई स्कूल के समीप पहुंचे, वहां स्टैंड के नाम पर मनबढ़ों ने उन्हें रोक लिया और 150 रुपये रोड टैक्स की मांग की। जब पीड़ित ने बिना पार्किंग के इतनी बड़ी रकम देने से इनकार किया, तो दबंगों ने विवाद खड़ा कर दिया।

शिकायत पत्र में पीड़ित ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि रकम न देने पर दबंगों ने उनका नाम पूछा और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। बात देखते ही देखते हाथापाई तक पहुंच गई और आरोपियों ने चंद्रिका राम के चेहरे पर प्रहार करते हुए उनके साथ जमकर मारपीट की। मामला तब और शर्मनाक हो गया जब पीड़ित को बचाने आईं उनकी पत्नी और बेटी के साथ भी दबंगों ने बीच सड़क हाथापाई और छेड़खानी की, जिससे पूरे परिवार में दहशत का माहौल बन गया।

दबंगई यहीं नहीं थमी, चंद्रिका राम के मुताबिक मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनकी जेब में रखे 1500 रुपये भी जबरन निकाल लिए। इसके बाद उन्हें खुलेआम अंजाम भुगतने की धमकी दी गई कि अगर दोबारा इस रूट पर टेंपो लेकर आए तो गाड़ी में आग लगा दी जाएगी और हाथ-पैर तोड़ दिए जाएंगे। 150 रुपये की अवैध वसूली से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते एक असहाय परिवार के लिए बड़ी मुसीबत में बदल गया, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और बुद्धिजीवियों में भारी आक्रोश है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब जिला प्रशासन की सख्ती के बाद जिले के कई नगर परिषदों और नगर पंचायतों में अवैध पार्किंग वसूली पर पूर्ण रूप से रोक लगा दी गई है, तो आखिर छपवा और हरसिद्धि में यह समानांतर व्यवस्था कैसे चल रही है? पीड़ित परिवार और स्थानीय नागरिक अब वायरल वीडियो के आधार पर सुगौली पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और इस अवैध स्टैंड माफिया के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

हिमांशु की रिपोर्ट