Bihar News : मोतीहारी में हिम्मत कर ग्रामीणों ने मगरमच्छ को पकड़ा, सूचना देने के बाद भी नहीं पहुंची वन विभाग की टीम

Bihar News :मोतीहारी में गंडक तटवर्ती संग्रामपुर में निकला मगरमच्छ। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए मगरमच्छ को पकड़कर रस्सी से बाँध दिया.....पढ़िए आगे

ग्रामीणों ने पकड़ा मगरमच्छ - फोटो : HIMANSHU

MOTIHARI : पूर्वी चंपारण जिले से सटे गंडक नदी के तटवर्ती इलाके संग्रामपुर प्रखंड से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया पूर्वी है। यहाँ अचानक पानी से निकलकर एक खतरनाक मगरमच्छ के गाँव में प्रवेश करने से हड़कंप मच गया। घटना संग्रामपुर प्रखंड के इजारा पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 11 की बताई जा रही है, जहाँ अंधेरा होने के बाद मगरमच्छ के गाँव की तरफ बढ़ने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

ग्रामीणों ने दिखाया गज़ब का साहस, रस्सियों से बांधा मगरमच्छ

ग्रामीणों के अनुसार, शाम के वक्त जब हर तरफ अंधेरा हो रहा था, तभी एक विशाल मगरमच्छ पानी से निकलकर पोखर के रास्ते गाँव की सीमा में दाखिल होने लगा। पोखर के मेढ़ पर मगरमच्छ को देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए, लेकिन उन्होंने घबराने के बजाय अनुकरणीय हिम्मत और सूझबूझ का परिचय दिया। स्थानीय लोगों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए भारी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को चारों तरफ से घेर लिया और मजबूत रस्सियों से कसकर बांध दिया।

वन विभाग की लचर कार्यशैली से ग्रामीण परेशान, दो घंटे तक नहीं पहुँची टीम

एक तरफ जहाँ ग्रामीणों ने अपनी बहादुरी से बड़े खतरे को टाल दिया, वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक और विभागीय लापरवाही खुलकर सामने आई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि सूचना मिलने के दो घंटे बीत जाने के बाद भी वन विभाग की कोई भी रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुँची। घंट ों इंतजार करने के बाद भी विभाग का कोई नुमाइंदा न आने से ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त हो गया।

सुरक्षा को लेकर चिंतित दिखे स्थानीय लोग

वन विभाग की इस सुस्ती और उदासीनता के कारण ग्रामीण काफी देर तक परेशान हाल नजर आए। लोगों का कहना था कि मगरमच्छ के पकड़े जाने के बावजूद यदि समय रहते वन विभाग की टीम उसे अपने कब्जे में नहीं लेती है, तो कोई भी अनहोनी हो सकती थी। ग्रामीणों ने कड़े शब्दों में विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की आपात स्थिति में अधिकारियों को तुरंत तत्परता दिखानी चाहिए, ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग

मगरमच्छ के पकड़े जाने और घंटो चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद इजारा पंचायत के वार्ड 11 में भारी भीड़ जमा हो गई। लोग अपने स्तर पर स्थिति को संभाले हुए थे, लेकिन उनके मन में लगातार डर बना हुआ था। इस घटना ने एक बार फिर नदी के तटीय इलाकों में वन्यजीवों के रिहाइशी क्षेत्रों में आने की समस्या को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था की जाए।

हिमांशु की रिपोर्ट