Bihar Mobile Tower Drama: बीवी मायके गई तो मियां चढ़ गए टावर पर ,इश्क और इगो का हाई वोल्टेज ड्रामा, तीन घंटे तक चला तमाशा

Bihar Mobile Tower Drama: एक ऐसा वाकया सामने आया जिसने लोगों को हैरान भी किया और मुस्कुराने पर भी मजबूर कर दिया।...

बीवी मायके गई तो मियां चढ़ गए टावर पर- फोटो : reporter

Bihar Mobile Tower Drama: एक ऐसा वाकया सामने आया जिसने लोगों को हैरान भी किया और मुस्कुराने पर भी मजबूर कर दिया। बीवी के मायके चले जाने से नाराज़ एक शख्स ने ऐसा ‘हाई वोल्टेज ड्रामा’ रचा कि पूरा इलाका तमाशबीन बन गया। जनाब सीधे मोबाइल टावर पर चढ़ गए और ऊपर से ऐलान करने लगे कि अब जिंदगी से तौबा कर लेंगे।

यह मामला मोतीहारी के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के मेला चौक के पास  में मंगलवार की शाम का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक बनकटवा गांव निवासी मोहित पांडेय नाम का युवक अपनी पत्नी के मायके जाने से इस कदर नाराज़ हुआ कि गुस्से में आकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ऊपर पहुंचते ही उसने आत्महत्या की धमकी देते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

टावर पर चढ़े युवक को देखकर पहले तो लोग हैरान रह गए, फिर देखते ही देखते वहां भीड़ उमड़ पड़ी। किसी ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, तो कोई ऊपर खड़े ‘मियां साहब’ को समझाने की कोशिश करता रहा। उधर नीचे खड़ी भीड़ के बीच तरह-तरह की कानाफूसी भी शुरू हो गईकोई कह रहा था कि मोहब्बत का मामला है, तो कोई इसे घर-गृहस्थी की सियासत बता रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही पहाड़पुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष अजय कुमार, अपर थानाध्यक्ष अमन कुमार सिंह समेत पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाने-बुझाने का सिलसिला शुरू किया। करीब तीन घंटे तक पुलिस ने धैर्य और सूझबूझ से काम लिया और आखिरकार युवक को टावर से नीचे उतार लिया।

बताया जाता है कि टावर पर खड़े-खड़े युवक बार-बार कह रहा था कि उसकी पत्नी उसे परेशान करती है और कहती है कि जाओ, आत्महत्या कर लो। अब यह बात कितनी सच है और कितनी गुस्से की उपज, यह तो जांच के बाद ही साफ होगा।फिलहाल पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर थाने लाया और उसके परिवार वालों को सूचना दे दी। बताया जा रहा है कि उसके परिजन फिलहाल आगरा में रहते हैं।इस पूरे टावर ड्रामे ने इलाके में खूब सुर्खियां बटोरीं। लोग  कह रहे थे आजकल मोहब्बत भी ऐसी हो गई है कि झगड़ा घर में शुरू होता है और तमाशा मोबाइल टावर पर खत्म होता है। 

रिपोर्ट- हिमांशु कुमार