Bihar News: औघड़ धानी बम की अनोखी कांवड़ ने खींचा सबका ध्यान, 13 शिवभक्त कंधे पर लेकर चल रहे 210 टन वाले महादेव की प्रतिमूर्ति, देखिए तस्वीरें

Bihar News: मोतिहारी के कैथवलिया स्थित विराट रामायण मंदिर में स्थापित विशाल शिवलिंग की प्रतिमूर्ति को विशेष कांवड़ में लेकर धनबाद के 13 शिवभक्त बाबाधाम की यात्रा पर निकले हैं।

औघड़ धानी बम की अनोखी कांवड़ - फोटो : reporter

Bihar News:  मुंगेर के कच्ची कांवरिया पथ पर इन दिनों आस्था और भक्ति की एक अनोखी तस्वीर देखने को मिल रही है। मोतिहारी के कैथवलिया स्थित विराट रामायण मंदिर में स्थापित विशाल शिवलिंग की प्रतिमूर्ति को विशेष कांवड़ में लेकर धनबाद के 13 शिवभक्त बाबाधाम की यात्रा पर निकले हैं। इस अनोखी कांवड़ का नाम ‘औघड़ धानी बम’ रखा गया है।

धनबाद से निकला कांवरियों का यह जत्था जब मुंगेर के कच्ची कांवरिया पथ से गुजरता है तो श्रद्धालुओं की नजरें ठहर जाती हैं। कांवड़ में विराजमान महादेव की विशाल प्रतिमूर्ति को एक साथ चार कांवरिया अपने कंधों पर उठाकर आगे बढ़ते हैं। इस दौरान रास्ते में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो जाता है।

33 फीट ऊंचा और 210 मीट्रिक टन वजनी है मूल शिवलिंग

मोतिहारी के कैथवलिया स्थित विराट रामायण मंदिर में स्थापित मूल शिवलिंग काले ग्रेनाइट पत्थर से निर्मित बताया जाता है। इसकी ऊंचाई और चौड़ाई करीब 33-33 फीट है और इसका वजन लगभग 210 मीट्रिक टन बताया गया है।इसी विशाल शिवलिंग की प्रतिमूर्ति को विशेष तौर पर कांवड़ में स्थापित किया गया है। कांवरियों ने इसे ‘औघड़ धानी बम’ नाम दिया है और इसी अनोखे संकल्प के साथ धनबाद से देवघर की यात्रा पर निकले हैं।

जहां दिखी कांवड़, थम गईं श्रद्धालुओं की नजरें

कच्ची कांवरिया पथ पर इस कांवड़ के गुजरते ही श्रद्धालुओं की भीड़ इसे देखने के लिए रुक जाती है। विशाल प्रतिमूर्ति को कंधे पर लेकर आगे बढ़ते कांवरियों को देखकर लोग उत्साहित नजर आते हैं। चार कांवरियों के एक साथ कांवड़ उठाने की तस्वीर यात्रा को और भी खास बना देती है।

कांवरियों का कहना है कि यह सिर्फ एक कांवड़ नहीं, बल्कि बाबा भोलेनाथ के प्रति उनकी श्रद्धा और संकल्प का प्रतीक है। देवघर की ओर बढ़ता यह जत्था रास्ते में आस्था का संदेश भी दे रहा है।मुंगेर का कच्ची कांवरिया पथ वैसे भी सावन में शिवभक्तों से गुलजार रहता है, लेकिन इस बार ‘औघड़ धानी बम’ लोगों के लिए खास आकर्षण बन गया है। विशाल शिवलिंग की प्रतिमूर्ति, कंधों पर उसे उठाए चार शिवभक्त और चारों तरफ गूंजते ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे यह नजारा कांवरिया यात्रा की भक्ति और अनोखे संकल्प की एक यादगार तस्वीर पेश कर रहा है।

रिपोर्ट- मो. इम्तयाज खान