Bihar News : मुंगेर में दो मुंह और चार आंखों वाले बछड़े ने लिया जन्म, देखने के लिए उमड़ी भारी भीड़

MUNGER : बिहार के मुंगेर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर हवेली खड़गपुर प्रखंड के प्रसंडो गांव में रविवार सुबह एक गाय ने दो मुंह और चार आंखों वाले एक विचित्र बछड़े को जन्म दिया। इस अनोखी घटना की खबर जैसे ही गांव में फैली, स्वर्गीय बैकुंठ सिंह के पुत्र अमित सिंह उर्फ टिंकू के घर पर बछड़े को देखने के लिए ग्रामीणों का तांता लग गया। लोग इस दुर्लभ नजारे को देखकर दंग हैं।

पशुपालक अमित सिंह ने बताया कि उनकी गाय ने पहले भी सामान्य बछड़ों को जन्म दिया है, लेकिन इस बार का जन्म उनके लिए भी चौंकाने वाला रहा। उन्होंने पुष्टि की है कि बछड़ा पूरी तरह जीवित है और परिवार द्वारा उसकी उचित देखभाल और खान-पान का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। गांव में यह घटना कौतूहल का विषय बनी हुई है और लोग दूर-दराज के क्षेत्रों से भी इस अद्भुत बछड़े की एक झलक पाने के लिए पहुंच रहे हैं।

ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। जहां कुछ लोग इसे प्रकृति का एक अद्भुत करिश्मा मान रहे हैं, वहीं कई ग्रामीण इसे किसी दैवीय या ईश्वरीय संकेत से जोड़कर देख रहे हैं। गांव के बड़े-बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार इस तरह की कोई घटना देखी है। दिनभर गांव में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और लोग बछड़े के साथ तस्वीरें और वीडियो भी लेते नजर आए।

इस विचित्र जन्म पर विशेषज्ञों की राय अलग है। पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार और सेवानिवृत्त पशु चिकित्सा पदाधिकारी नरसिंह पंडित ने इसे एक वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखा है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह कोई चमत्कार नहीं बल्कि एक 'जन्मजात विकृति' (Congenital Abnormality) है। उनके मुताबिक, गर्भावस्था के दौरान भ्रूण के असामान्य विकास के कारण अक्सर पशुओं में इस तरह के शारीरिक बदलाव देखने को मिलते हैं, जो कि चिकित्सा विज्ञान में एक दुर्लभ स्थिति मानी जाती है।

फिलहाल, प्रसंडो गांव पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। विशेषज्ञों ने पशुपालक को सलाह दी है कि बछड़े का स्वास्थ्य नाजुक हो सकता है, इसलिए उसे विशेष चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाए। भले ही विज्ञान इसे शारीरिक दोष मान रहा हो, लेकिन स्थानीय लोगों की आस्था और जिज्ञासा के कारण यह 'दो मुंह वाला बछड़ा' इस समय पूरे मुंगेर जिले में सुर्खियां बटोर रहा है।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट