Bihar Crime : मुंगेर में आपसी विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, दो पड़ोसियों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे, मारपीट का वीडियो हुआ वायरल

MUNGER : बिहार के मुंगेर जिले से हिंसा और मारपीट का एक विचलित करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के चौखंडी गांव में जमीन पर सामान रखने जैसे मामूली विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि दो पड़ोसी परिवार एक-दूसरे के खून के प्यासे हो गए। वायरल वीडियो में पुरुष और महिलाएं खुलेआम लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं।

जमीन पर सामान रखने को लेकर बढ़ा विवाद

घटना की जड़ में चौखंडी निवासी मसोमात अनीता देवी के घर के पीछे स्थित खाली जमीन है। आरोप है कि पड़ोसी सन्नी सहनी और उसके परिजनों ने बिना अनुमति उस जमीन पर अपना सामान रख दिया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव पैदा हो गया। बताया जा रहा है कि 16 अप्रैल को भी इनके बीच तीखी झड़प हुई थी, जिसे डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुँचकर शांत कराया था, लेकिन रात होते-होते विवाद फिर से भड़क गया।

बुजुर्ग को भी नहीं बख्शा, वीडियो में दिखी बर्बरता

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में हिंसा का वीभत्स रूप देखने को मिल रहा है। दोनों ओर से लोग एक-दूसरे पर लाठियां बरसा रहे हैं। वीडियो के एक हिस्से में देखा जा सकता है कि जमीन पर गिरने के बाद भी एक वृद्ध व्यक्ति को बड़ी बेरहमी से पीटा गया। इस हिंसक झड़प में अनीता देवी के पक्ष से 5 लोग और दूसरे पक्ष से 3 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पुलिस की कार्रवाई: 4 लोग भेजे गए जेल

घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों को थाने तलब किया। दोनों तरफ से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें करीब 10-10 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। वासुदेवपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से 2-2 लोगों (कुल 4) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल, पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को साक्ष्य के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट