Bihar Crime : मुंगेर में सब-इंस्पेक्टर की पत्नी की मौत मामले में नया मोड़, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, महिला दारोगा से संबंधों का किया जिक्र

Bihar Crime : मुंगेर में एसआई की पत्नी ने गोली मारकर ख़ुदकुशी कर ली. इस घटना में नया मोड आ गया है. बताया जा रहा है की पति के प्रेम प्रसंग को लेकर पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था......पढ़िए आगे

मौत मामले में नया मोड़ - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : जिले के सफियाबाद थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर (SI) चंदन कुमार की पत्नी मधु कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। शनिवार शाम सर्विस पिस्टल से गोली लगने के कारण हुई इस घटना को जहाँ शुरुआत में आत्महत्या माना जा रहा था, वहीं अब मृतका के परिजनों ने इसे सोची-समझी हत्या करार दिया है। समस्तीपुर से मुंगेर पहुँचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने चंदन कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार, मधु और चंदन की शादी 7 फरवरी 2025 को बड़े ही धूमधाम से हुई थी। मधु के पिता रंजीत कुमार और माँ पिंकी देवी का कहना है कि उनकी बेटी मानसिक रूप से काफी मजबूत थी और वह कभी आत्महत्या नहीं कर सकती। परिजनों ने आरोप लगाया कि सब-इंस्पेक्टर चंदन कुमार का थाने में ही पदस्थापित एक महिला दरोगा के साथ कथित तौर पर प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, जिसकी चर्चा मधु अक्सर फोन पर अपने परिजनों से करती थी।

घटना के वक्त के बारे में चंदन कुमार का कहना है कि 11 अप्रैल को उनके बीच मामूली विवाद हुआ था, जो बाद में सुलझ गया था। शाम को दोनों बाजार जाने की तैयारी में थे, लेकिन जैसे ही वह बाथरूम में घुसे, मधु ने उनकी सर्विस पिस्टल से अपने सीने में गोली मार ली। उसे तत्काल मुंगेर इमरजेंसी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुंगेर एसपी और अन्य वरीय अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL की टीम से जाँच करवाई है और घटना में प्रयुक्त सर्विस पिस्टल को जब्त कर लिया गया है।

मृतका के पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर सब-इंस्पेक्टर दामाद को दान-दहेज दिया था, लेकिन चंदन के किसी अन्य महिला पुलिसकर्मी के साथ रिश्तों ने उनके परिवार को उजाड़ दिया। परिजनों का दावा है कि चंदन ने ही अपनी सर्विस पिस्टल से मधु की हत्या की है और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जाँच और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की माँग की है।

फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से जाँच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL की जाँच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी। एक पुलिस अधिकारी की पत्नी की इस तरह मौत और विभाग की ही एक अन्य महिला कर्मी का नाम सामने आने के बाद यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। 

इम्तियाज़ की रिपोर्ट