बांका के बाद अब खड़गपुर झील में बड़ा हादसा; खगड़िया के स्टेशन मास्टर के इकलौते बेटे की डूबने से मौत

मुंगेर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हवेली खड़गपुर झील में एक बड़ा हादसा हो गया। खगड़िया से अपने दोस्तों के साथ घूमने आए पांच स्कूली छात्रों में से एक छात्र की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई....

झील मे डूबने से छात्र की मौत- फोटो : इम्तियाज खान

Munger : बांका जिले के हनुमान डैम में नहाने गए पांच दोस्तों में से दो युवकों की डूबने से हुई मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब पड़ोसी मुंगेर जिले से एक और दर्दनाक खबर सामने आ गई है। इस बार मुंगेर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हवेली खड़गपुर झील में एक बड़ा हादसा हो गया। खगड़िया से अपने दोस्तों के साथ घूमने आए पांच स्कूली छात्रों में से एक छात्र की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकले थे छात्र, पहुंचे झील

घटनाक्रम के अनुसार, शुक्रवार को खगड़िया के डीएवी (DAV) स्कूल के 10वीं कक्षा का 15 वर्षीय छात्र केशव कुमार अपने चार अन्य दोस्तों के साथ सुबह घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकला था। लेकिन, स्कूल जाने के बजाय सभी दोस्त योजना बनाकर मुंगेर के हवेली खड़गपुर झील में पिकनिक मनाने और घूमने के लिए पहुंच गए। खड़गपुर झील के पूर्वी फाटक के समीप स्थित झरने के पास बने एक गहरे कुंड को देखकर छात्र खुद को रोक नहीं पाए और वहां नहाने की तैयारी करने लगे।


स्थानीय लोगों की चेतावनी को किया नजरअंदाज, गहरे पानी में समाया केशव

चश्मदीदों के मुताबिक, जब छात्र नहाने के लिए कुंड के पास जा रहे थे, तब वहां मौजूद स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें पानी की गहराई का हवाला देते हुए आगे न बढ़ने की सख्त चेतावनी दी थी। इसके बावजूद, केशव और उसका एक साथी पानी में उतर गए। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में जाकर डूबने लगे। किनारे खड़े दोस्तों ने तुरंत अपना गमछा फेंककर उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, जिसमें एक छात्र तो किसी तरह गमछा पकड़कर बाहर निकल आया, लेकिन केशव गहरे पानी के तेज भंवर में समा गया।


पुलिस और गोताखोरों ने निकाला बाहर, स्टेशन मास्टर का इकलौता पुत्र था मृतक

हादसे की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग दौड़े और तुरंत हवेली खड़गपुर थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्थानीय गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत और खोजबीन के बाद गोताखोरों ने केशव को पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक केशव के पिता खगड़िया में स्टेशन मास्टर के पद पर कार्यरत हैं और केशव उनका इकलौता लाडला बेटा था। इकलौते चिराग की बुझने की खबर मिलते ही माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जलाशयों में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

हवेली खड़गपुर थाना पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए छात्र के शव को पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है। बिहार के जलाशयों और डैमों में लगातार हो रहे ये हादसे एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। हनुमान डैम के बाद खड़गपुर झील की यह लगातार दूसरी बड़ी त्रासदी है, जिसने जलाशयों में बिना सुरक्षा घेरे, गाइड या चेतावनी बोर्ड के नहाने के जानलेवा खतरे और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इम्तियाज की रिपोर्ट