Chhath Puja 2026: छठ को लेकर गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, नहाय-खाय के साथ महापर्व शुरू

Chhath Puja 2026: बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हो गई है। ...

गंगा घाटों पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब- फोटो : reporter

Chhath Puja 2026: बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हो गई है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन अनुष्ठान को लेकर मुंगेर में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। शुक्रवार की सुबह से ही शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। छठव्रती अपने परिजनों के साथ गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर भगवान भास्कर की आराधना में जुटे हैं। कष्टहरणी घाट, बबुआ घाट और सोझी घाट सहित जिले के तमाम गंगा घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है।

दरअसल, छठ महापर्व में गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि पवित्र गंगा में स्नान करने के बाद व्रती पूरी शुद्धता और नियम-निष्ठा के साथ अनुष्ठान की शुरुआत करते हैं। गंगा स्नान के बाद छठव्रती अपने घरों में नहाय-खाय का प्रसाद तैयार करेंगी। इस दिन कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का भात बनाने की परंपरा है। भगवान भास्कर को भोग अर्पित करने के बाद व्रती परिवार के सदस्यों के साथ प्रसाद ग्रहण करेंगी।

इधर, गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की उमड़ती भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा के मद्देनजर विभिन्न घाटों पर बैरिकेडिंग की गई है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गंगा में एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोरों की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

बता दें कि चार दिवसीय छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना का अनुष्ठान होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखने के बाद शाम को भगवान भास्कर की पूजा कर प्रसाद ग्रहण करेंगी। तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि चौथे और अंतिम दिन उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ ही इस कठिन व्रत का पारण होगा।

फिलहाल, मुंगेर के गंगा घाटों पर छठी मैया के गीतों की गूंज और श्रद्धालुओं की अटूट आस्था से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज