Bihar News : मुंगेर में सीएम सम्राट चौधरी की दिखी दरियादिली, सुरक्षा घेरा तोड़कर सुनी कैंसर पीड़ित बुजुर्ग की फ़रियाद, दिए मुफ्त इलाज के निर्देश
Bihar News : मुंगेर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की दरियादिली और संवेदनशीलता की एक ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने वहां मौजूद हर किसी को भावुक कर दिया....पढ़िए आगे
MUNGER : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की संवेदनशीलता और दरियादिली की एक बेहद अनूठी तस्वीर मुंगेर जिले से सामने आई है, जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया। मामला टेटिया बंबर प्रखंड के देवघरा स्थित सुप्रसिद्ध उच्चेश्वर नाथ महादेव मंदिर परिसर का है, जहां मुख्यमंत्री वन विभाग द्वारा विकसित किए जा रहे पर्यटक विकास केंद्र का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान अपनी फरियाद लेकर पहुंचे एक बुजुर्ग की बेबसी देखकर मुख्यमंत्री खुद को रोक नहीं पाए।
निरीक्षण के दौरान नूनाजी पंचायत के भंडार गांव निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग राजेंद्र यादव हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री के सामने खड़े हो गए। उनकी आंखों में बेबसी और दर्द साफ झलक रहा था। वृद्ध की इस पीड़ा को देखकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तुरंत संवेदनशील हो उठे। उन्होंने अपने सुरक्षा घेरे (सिक्योरिटी प्रोटोकॉल) की रत्ती भर भी परवाह नहीं की और तुरंत पीड़ित बुजुर्ग को अपने बिल्कुल पास बुला लिया और बेहद आत्मीयता के साथ उनकी पूरी बात सुनी।
बुजुर्ग राजेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री को रुआंसे गले से बताया कि वे पिछले लंबे समय से मुंह के कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से पीड़ित हैं। घर की आर्थिक स्थिति बेहद खराब होने के कारण वे अपना उचित इलाज कराने में पूरी तरह से असमर्थ हैं और पाई-पाई को मोहताज हैं। बुजुर्ग की इस दर्दभरी दास्तां को सुनकर मुख्यमंत्री का दिल पसीज गया और उन्होंने मौके पर ही मौजूद अधिकारियों को तलब किया।
मुख्यमंत्री ने मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज निपनिकर को तत्काल कड़े निर्देश देते हुए कहा कि राजेंद्र यादव के निशुल्क और देश के सबसे बेहतर अस्पताल में इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में हिदायत दी कि बुजुर्ग के इलाज में प्रशासनिक स्तर पर किसी भी प्रकार की कोताही या परेशानी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यदि कोई तकनीकी दिक्कत आती है, तो सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय को अवगत कराया जाए।
मुख्यमंत्री की इस त्वरित मानवीय पहल और संवेदनशील व्यवहार ने वहां मौजूद आम जनता और अधिकारियों का दिल जीत लिया। इस आश्वासन के बाद कैंसर पीड़ित राजेंद्र यादव ने हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री का आभार जताया और बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें मुफ्त ऑपरेशन का पूरा भरोसा दिया है, जिससे अब उनके जीने की उम्मीद लौट आई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की इंसानियत की यह जीवंत तस्वीर अब पूरे मुंगेर क्षेत्र में चर्चा और प्रशंसा का केंद्र बनी हुई है।
इम्तियाज़ की रिपोर्ट