26 अप्रैल को अपने गृह जिला मुंगेर का दौरा करेंगे सीएम सम्राट, यातायात व्यवस्था के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध
Bihar News : मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी पहली बार कल 26 अप्रैल को अपने गृह जिला मुंगेर के दौरे पर जाएंगे। उनके आगमन को लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए गए है। कई रुट को डायवर्ट किया गया है...
Munger : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कल, 26 अप्रैल को अपने गृह जिला मुंगेर के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और यातायात विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। यातायात डीएसपी प्रभात रंजन ने बताया कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर की रफ्तार न थमे और सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
आज रात से भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने भारी और व्यवसायिक वाहनों के लिए विशेष रूट डायवर्जन लागू किया है। इसके तहत जिले के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर अस्थायी रोक लगाई गई है। यातायात विभाग के अनुसार, 25 अप्रैल की रात 12 बजे से लेकर 26 अप्रैल की शाम तक भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद या डायवर्ट रहेगा। यह कदम शहर के अंदरूनी मार्गों पर ट्रैफिक के दबाव को कम करने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए उठाया गया है।
इन प्रमुख चेकपोस्टों पर रहेगा पहरा
यातायात डीएसपी ने जानकारी दी कि गंगटा चेकपोस्ट, संग्रामपुर-बेलहर चेकपोस्ट, शहकुंड-असरगंज चेकपोस्ट, घोरघट और बरियारपुर तीन बटिया जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इन क्षेत्रों में व्यवसायिक वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर अतिरिक्त बैरिकेटिंग की व्यवस्था की गई है ताकि सुरक्षा घेरा अभेद्य बना रहे और किसी भी अनधिकृत वाहन का प्रवेश कार्यक्रम स्थल की ओर न हो सके।
आम लोगों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रूट डायवर्जन मुख्य रूप से भारी और व्यवसायिक वाहनों के लिए है, ताकि आम नागरिकों को न्यूनतम परेशानी हो। हालांकि, एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा। शहर के भीतर सुचारू यातायात के लिए जगह-जगह यातायात पुलिस कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। प्रशासन का लक्ष्य यह है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के साथ-साथ शहर की सामान्य गतिविधियां भी प्रभावित न हों।
प्रशासन की जनता से अपील
मुंगेर जिला प्रशासन और यातायात विभाग ने आम लोगों से इस विशेष व्यवस्था में सहयोग की अपील की है। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले निर्धारित रूट डायवर्जन की जानकारी ले लें और प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें। यातायात डीएसपी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए जनता का सहयोग अनिवार्य है, ताकि बिना किसी बाधा के मुख्यमंत्री का यह दौरा संपन्न हो सके।
मो. इम्तियाज खान की रिपोर्ट