मुंगेर दौरे पर पहुंचे सीएम सम्राट : तारापुर में 10 मॉडल स्कूल और हरपुर मॉडल थाने का किया उद्घाटन, असरगंज में जनसंवाद
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान मंगलवार की दोपहर मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र स्थित किसान वैदिक उच्च विद्यालय लौना पहुंचे। जहां बीजेपी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया....
Munger : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान मंगलवार की दोपहर मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र स्थित किसान वैदिक उच्च विद्यालय लौना पहुंचे। दोपहर 1:35 बजे उनके हेलीकॉप्टर लैंडिंग के बाद गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया गया और स्थानीय लोगों ने बुके देकर उनका स्वागत किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से सरस्वती विद्या निकेतन लौना में आयोजित कार्यक्रम से चयनित 10 आदर्श विद्यालयों का समेकित उद्घाटन किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, प्रभारी मंत्री संजय कुमार, पूर्व विधायक राजीव सिंह, प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, डीएम निखिल धनराज निपनिकर और एसपी सैयद इमरान मसूद समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
क्लासरूम में बच्चों और शिक्षकों से बातचीत, विज्ञान प्रदर्शनी का किया अवलोकन
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री मॉडल विद्यालय सरस्वती विद्या निकेतन की कक्षाओं में पहुंचे। वहां उन्होंने शिक्षकों से बच्चों को पढ़ाने के तौर-तरीकों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली और कक्षाओं में मौजूद छात्र-छात्राओं से उनकी पढ़ाई-लिखाई को लेकर संवाद किया। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में बच्चों द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी का भी मुख्यमंत्री ने बारीकी से अवलोकन किया।
सड़क मार्ग से पहुंचे हरपुर, फीता काटकर आदर्श थाने का किया लोकार्पण
विद्यालय के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सड़क मार्ग से आदर्श थाना हरपुर के लिए रवाना हो गए। दोपहर 2:20 बजे हरपुर थाना पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों ने बुके देकर उनका स्वागत किया। इसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने विधिवत फीता काटकर नवनिर्मित हरपुर आदर्श थाने का उद्घाटन किया।
थाना भवन का बारीकी से निरीक्षण, थानाध्यक्ष कक्ष व हाजत का लिया जायजा
उद्घाटन संपन्न होने के पश्चात मुख्यमंत्री ने नए थाना भवन का जायजा लिया। उन्होंने थानाध्यक्ष कक्ष, हाजत (लॉकअप) के अलावा भवन के सभी कमरों का बारीकी से अवलोकन कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री असरगंज क्षेत्र के लिए प्रस्थान कर गए।
असरगंज डिग्री कॉलेज में पढ़ाई का शुभारंभ, स्थानीय लोगों के साथ करेंगे जनसंवाद
हरपुर थाना भवन का अवलोकन पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी असरगंज पहुंचे। असरगंज पहुंचकर उन्होंने राजकीय डिग्री महाविद्यालय असरगंज में पठन-पाठन कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री स्थानीय नागरिकों एवं आम जनता के साथ संवाद स्थापित करने के लिए जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।