Bihar News: साइबर जाल में फंसते युवा, मुंगेर में पुलिस की चेतावनी, एक क्लिक की ये लापरवाही पड़ सकती है भारी
Bihar News: बिहार में साइबर अपराध का साया दिन-ब-दिन गहराता जा रहा है। ठगी के नए-नए हथकंडे अपनाकर जालसाज़ आम लोगों की गाढ़ी कमाई पर डाका डाल रहे हैं।...
Bihar News: बिहार में साइबर अपराध का साया दिन-ब-दिन गहराता जा रहा है। ठगी के नए-नए हथकंडे अपनाकर जालसाज़ आम लोगों की गाढ़ी कमाई पर डाका डाल रहे हैं। सबसे ज्यादा निशाने पर युवा और छात्राएं हैं, जो डिजिटल दुनिया में तेज़ी से सक्रिय हो रही हैं। ऐसे हालात में जागरूकता ही सबसे मजबूत ढाल बनकर उभर रही है।
इसी सिलसिले में बिहार पुलिस सप्ताह-2026 के मौके पर मुंगेर के साइबर थाना द्वारा बी.आर.एम. महिला कॉलेज में एक विशेष जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर ठगी के आधुनिक तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की तफसील से जानकारी दी गई।
कार्यशाला में फिशिंग स्कैम, ओटीपी फ्रॉड, हनीट्रैप, बिजली बिल फ्रॉड, केवाईसी अपडेट स्कैम और वर्क फ्रॉम होम जॉब फ्रॉड जैसे मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने समझाया कि साइबर अपराधी बेहद शातिराना अंदाज़ में लोगों की छोटी-सी गफलत का फायदा उठाते हैं। एक गलत क्लिक या ओटीपी साझा करते ही बैंक खाते खाली हो सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को साफ हिदायत दी कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन और मजबूत प्राइवेसी सेटिंग्स को जरूर सक्रिय रखें। उन्होंने यह भी बताया कि अगर किसी के साथ साइबर ठगी हो जाए तो फौरन राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस का मानना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल युवाओं में तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में उनके बीच साइबर सुरक्षा को लेकर सजगता फैलाना बेहद जरूरी है। वक्त रहते एहतियात बरतकर ही इस बढ़ते साइबर अपराध पर लगाम लगाई जा सकती है। वरना एक छोटी सी लापरवाही, बड़ी मुसीबत का सबब बन सकती है।
रिपोर्ट- इम्तियाज खान