सीएम सम्राट चौधरी के संभावित मुंगेर दौरे को लेकर अलर्ट मोड में जिला प्रशासन: डीएम ने पूजा स्थलों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था की लिया जायजा

सीएम सम्राट चौधरी नवरात्र के मौके पर अपने गृह क्षेत्र तारापुर का दौरा करने वाले है। उनकी इस संभावित दौरे को लेकर मुंगेर जिला प्रशासन अलर्ट है। रविवार को डीएम-एसपी ने प्रमुख दुर्गा मंदिर एवं पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया....

सीएम सम्राट चौधरी के संभावित मुंगेर दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट- फोटो : इम्तियाज खान

Munger : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगामी 19 अक्टूबर को संभावित मुंगेर दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और अलर्ट मोड में आ गया है। शारदीय दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री के मुंगेर आगमन की संभावना के मद्देनजर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां बेहद तेज कर दी गई हैं। इसी सिलसिले में मुंगेर के जिलाधिकारी (डीएम) निखिल धनराज निप्पणीकर ने असरगंज, तारापुर और संग्रामपुर प्रखंडों के प्रमुख दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों का विस्तृत निरीक्षण किया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री तारापुर स्थित सुप्रसिद्ध तेलडीहा दुर्गा मंदिर में पहुंचकर माता रानी की पूजा-अर्चना कर सकते हैं।


सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश

निरीक्षण यात्रा के दौरान जिलाधिकारी ने तारापुर के प्रसिद्ध तेलडीहा मंदिर के अलावा असरगंज स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर, संग्रामपुर, रणगांव और बिहमा सहित कई प्रमुख पूजा स्थलों का भ्रमण कर धरातलीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। तेलडीहा मंदिर में मुख्यमंत्री के पूजा-अर्चना की प्रबल संभावना को देखते हुए वहां सुरक्षा और बैरिकेडिंग की विशेष व्यवस्था की जा रही है। डीएम ने मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों को विधि-व्यवस्था दुरुस्त रखने, सुरक्षा घेरा पुख्ता करने तथा श्रद्धालुओं की सुलभ आवाजाही हेतु भीड़ प्रबंधन के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए।


सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समय पर पूरी करें तैयारियां: डीएम

मुंगेर डीएम ने पूजा स्थलों पर पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई और आपातकालीन सुविधाओं का आकलन करते हुए जरूरत के अनुसार तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री के संभावित भ्रमण को देखते हुए सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं और सभी संबंधित विभाग आपस में बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि आम श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।


एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद, डीएम ने जिलेवासियों से की शांतिपूर्ण पूजा की अपील

इस उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान मुंगेर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सैयद इमरान मसूद सहित जिला प्रशासन और पुलिस महकमे के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, जिलाधिकारी ने समस्त मुंगेर जिलेवासियों को दुर्गा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और पर्व को शांतिपूर्ण, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने आम नागरिकों से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में जिला एवं पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग करने का आग्रह किया।


इम्तियाज की रिपोर्ट