मुंगेर में कार्यपालक अभियंता के ठिकानों पर EOU की छापेमारी : आय से अधिक संपत्ति का मामला, घर और दफ्तर खंगाला

बिहार की आर्थिक अपराध ईकाई ने एकबार फिर एक भ्रष्ट अधिकारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। EOU की टीम ने योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता के कई ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी की है। मामला आय से अधिक संपत्ति से जुड़ा बताया जा रहा है....

कार्यपालक अभियंता के ठिकानों पर EOU की छापेमारी- फोटो : इम्तियाज खान

Munger : जिले में योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास के ठिकानों पर गुरुवार सुबह आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। EOU की टीम ने कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बेलन बाजार स्थित उनके किराये के मकान और योजना भवन स्थित उनके दफ्तर में विशेष सर्च वारंट के आधार पर सघन तलाशी अभियान चलाया।


आय से अधिक संपत्ति (DA) मामले में दर्ज हुआ है केस 

जानकारी के अनुसार, कार्यपालक अभियंता नारद कुमार दास पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के गंभीर आरोप हैं, जिसको लेकर EOU ने प्राथमिकी दर्ज की है। इसी कड़ी में EOU की टीम ने मुंगेर के साथ-साथ उनके अन्य संभावित ठिकानों पर भी एक साथ दबिश दी।


दस्तावेज़, नकदी और आभूषण मिलने की चर्चा 

छापेमारी के दौरान दफ्तर और आवास दोनों जगहों से कई महत्वपूर्ण वित्तीय दस्तावेज़ और संपत्तियों से जुड़े कागजात बरामद किए गए हैं। सूत्रों के अनुसार, बेलन बाजार स्थित आवास से नकद (कैश) और भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात भी मिले हैं। हालांकि, नकदी और गहनों की आधिकारिक पुष्टि EOU मुख्यालय द्वारा विस्तृत मूल्यांकन के बाद की जाएगी।


EOU डीएसपी का आधिकारिक बयान 

कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे EOU के डीएसपी महेश चौधरी ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति मामले दर्ज केस के सिलसिले में कार्यपालक अभियंता के आवास और कार्यालय में न्यायालय के आदेश पर छापेमारी की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तलाशी में मिली कुल संपत्ति, नकदी व दस्तावेजों का विस्तृत ब्योरा पटना लौटने के बाद आधिकारिक तौर पर साझा किया जाएगा।


इम्तियाज की रिपोर्ट