मुंगेर व्यवहार न्यायालय की इमारत में भीषण आग, कई अदालतें प्रभावित, मची अफरा-तफरी
Bihar News: मुंगेर व्यवहार न्यायालय की बिल्डिंग संख्या-9 के प्रथम तल पर अचानक आग लग गई, जिससे पूरे न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई।...
Bihar News: मुंगेर से एक बड़ी खबर सामने आई है। मुंगेर व्यवहार न्यायालय की बिल्डिंग संख्या-9 के प्रथम तल पर अचानक आग लग गई, जिससे पूरे न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जिस तल पर आग लगी, वहां कई अदालतों का संचालन होता है, इसलिए न्यायिक कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे रहे ताकि आग अन्य हिस्सों तक न फैल सके।
आग लगने की खबर मिलते ही न्यायालय परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों और आम लोगों में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को खाली कराया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जिससे राहत की बात है।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रशासन का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद विशेषज्ञों की टीम घटना के कारणों की जांच करेगी और नुकसान का आकलन किया जाएगा।
रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान