Bihar Expired Food Items: मिठाई दुकानों और होटलों पर प्रशासन का छापा, एक्सपायरी चिकन-मसाले और कोल्ड ड्रिंक बरामद

Bihar Expired Food Items: दीपावली और धनतेरस के त्योहार पर मिठाइयों, पकवानों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच प्रशासन ने मिलावटखोरी और एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री के खिलाफ सख्त तेवर अपना लिया है।...

मिठाई दुकानों और होटलों पर प्रशासन का छापा- फोटो : reporter

Munger: दीपावली और धनतेरस के त्योहार पर मिठाइयों, पकवानों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच मुंगेर जिला प्रशासन ने मिलावटखोरी और एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री के खिलाफ सख्त तेवर अपना लिया है। इसी कड़ी में हवेली खड़गपुर के मुख्य बाजार में प्रशासनिक टीम ने कई होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में औचक छापेमारी की। अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) प्रेम कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान कई प्रतिष्ठानों से एक्सपायरी खाद्य सामग्री और कोल्ड ड्रिंक की बोतलें बरामद की गईं। प्रशासन ने जब्त की गई सभी एक्सपायरी सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट करा दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बाजार के दुकानदारों में हड़कंप मच गया।

त्योहारों की आड़ में ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ की आशंका

दरअसल, दीपावली और धनतेरस के दौरान बाजारों में मिठाई, नमकीन, पेय पदार्थ और अन्य खाद्य सामग्रियों की मांग में काफी इजाफा हो जाता है। ऐसे में कुछ दुकानदारों द्वारा पुराने और निर्धारित उपयोग अवधि समाप्त कर चुके सामान की बिक्री किए जाने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष जांच अभियान चलाया।एसडीओ प्रेम कुमार के नेतृत्व में टीम ने मुख्य बाजार के होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में अचानक पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, एक्सपायरी डेट और भंडारण व्यवस्था का जायजा लिया। जांच के दौरान दुकानों में रखे खाद्य पदार्थों की बारीकी से पड़ताल की गई।

डोसा किंग और आशा होटल में मिली एक्सपायरी सामग्री

छापेमारी के दौरान डोसा किंग रेस्टोरेंट से लंबे समय से रखे हुए चिकन और भुने मसाले बरामद किए गए। वहीं, आशा होटल में स्ट्रिंग और पेप्सी कोल्ड ड्रिंक की दर्जनों बोतलें एक्सपायरी पाई गईं। इसके अलावा चिली सॉस और टोमेटो सॉस की कई बोतलें भी निर्धारित उपयोग अवधि समाप्त होने के बाद रखी मिलीं।प्रशासनिक टीम ने इन सभी सामग्रियों को जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दिया। अधिकारियों की इस कार्रवाई का मकसद ग्राहकों को खराब और असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक लगाना था।

दर्जनों दुकानों में हुई जांच, बाजार में मची अफरा-तफरी

प्रशासनिक छापेमारी का दायरा डोसा किंग और आशा होटल तक सीमित नहीं रहा। वैष्णवी स्वीट्स एंड स्नैक्स, रस कुंज, बिस्किट रेस्टोरेंट समेत शहर के दर्जनों होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में भी जांच-पड़ताल की गई।अचानक अधिकारियों की टीम को बाजार में देखकर दुकानदारों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट और भंडारण व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद शुरू हो गई। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों की याद दिलाई।

एसडीओ की दोटूक चेतावनी, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

एसडीओ प्रेम कुमार ने सभी दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि खाद्य पदार्थों की खरीदारी, बिक्री और भंडारण में निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने चेताया कि ग्राहकों की सेहत के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने या ग्राहकों को असुरक्षित सामान उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम रही मौजूद

इस विशेष छापेमारी अभियान में एसडीपीओ अभय कुमार, अंचलाधिकारी जयप्रकाश, प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी विशाल मोहन, स्वच्छता पदाधिकारी मनीष कुमार, सब इंस्पेक्टर कुंदन कुमार सिंह समेत अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी और पुलिस के जवान शामिल रहे।प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य सुरक्षा के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। मिठाई और खाद्य सामग्री की खरीदारी करने वाले ग्राहकों के हितों की रक्षा के लिए बाजारों में इस तरह की जांच आगे भी जारी रह सकती है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान