Bihar Crime News : मुंगेर में बड़ा साइबर फ्रॉड, शेयर मार्केट में पैसा दोगुना करने के लालच में रेलवे इंजीनियर से बदमाशों ने की 47 लाख की ठगी

Bihar Crime News : मुंगेर में साइबर अपराधियों ने रेलवे इंजिनियर से धन दुगुना करने के नाम पर 47 लाख रूपये की ठगी कर ली. पुलिस जांच में जुटी है.....पढ़िए आगे

47 लाख की ठगी - फोटो : SOCIAL MEDIA

MUNGER : बिहार के मुंगेर जिले से साइबर अपराध की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहाँ जमालपुर में कार्यरत एक रेलवे इंजीनियर ठगों के बिछाए जाल में फंस गया। शेयर बाजार में निवेश कर रकम को महज एक हफ्ते में दोगुना-तिगुना करने के लालच में इंजीनियर ने अपनी जीवन भर की जमा-पूंजी और अपनों से उधार लेकर कुल 47 लाख रुपये गंवा दिए। पीड़ित इंजीनियर ने अब इस मामले को लेकर मुंगेर के साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

'न्यू वेल्थ ग्रुप' के जरिए बुना गया ठगी का जाल

ठगी की शुरुआत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप से हुई। इंजीनियर को "न्यू वेल्थ ग्रुप" नाम के एक ग्रुप में जोड़ा गया था, जहाँ साइबर अपराधी भारी मुनाफे का झांसा दे रहे थे। ठगों ने एक फर्जी डिजिटल वॉलेट तैयार किया था, जिसमें लुभावने आंकड़े दिखाकर निवेश पर करोड़ों का रिटर्न दर्शाया गया था। इसी फर्जीवाड़े और भारी मुनाफे के स्क्रीनशॉट्स को सच मानकर इंजीनियर अपराधियों के झांसे में आ गया और निवेश करना शुरू कर दिया।

किस्तों में निवेश और अपनों से लिया कर्ज

हैरानी की बात यह है कि ठगों पर भरोसा इतना गहरा था कि इंजीनियर ने न केवल अपनी बचत, बल्कि अपने पिता, पत्नी और दोस्तों से भी पैसे उधार लेकर निवेश कर दिए। 20 फरवरी को ग्रुप ज्वाइन करने के बाद से 12 मार्च तक आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में करीब 47 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। जब तय समय सीमा बीत गई और डिजिटल वॉलेट सील दिखाने लगा, तब इंजीनियर को ठगी का एहसास हुआ। इतनी बड़ी रकम डूबने के बाद पीड़ित गहरे मानसिक तनाव में है।

पुलिस की तकनीकी जांच और साइबर सेल का एक्शन

मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थानाध्यक्ष सह डीएसपी राकेश कुमार रंजन ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित ने सबसे पहले 17 मार्च को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर '1930' पर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद 22 मार्च को विधिवत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस अब उन बैंक खातों और मोबाइल नंबर्स की तकनीकी जांच कर रही है, जिनके जरिए इस बड़ी राशि का लेन-देन किया गया है।

सावधानी ही बचाव: झांसे में न आने की अपील

मुंगेर पुलिस ने इस घटना के बहाने आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अनजान ग्रुप्स के माध्यम से मिलने वाले निवेश के लुभावने प्रस्तावों से बचें। शेयर मार्केट में बिना आधिकारिक प्लेटफॉर्म और बिना जांच-पड़ताल के निवेश करना बेहद जोखिम भरा हो सकता है। यह घटना दर्शाती है कि उच्च शिक्षित लोग भी थोड़े से लालच में आकर साइबर अपराधियों का आसान शिकार बन रहे हैं। फिलहाल पुलिस की विशेष टीम साइबर ठगों के गिरोह तक पहुंचने के लिए छापेमारी कर रही है। 

इम्तियाज़ की रिपोर्ट