Bihar Flood News: मुंगेर में गंगा का रौद्र रूप, घरों पर मंडरा रहा कटाव का खतरा

Munger: गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और रविवार सुबह यह चेतावनी स्तर को पार कर गया।...

गंगा का रौद्र रूप- फोटो : reporter

Munger: गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और रविवार सुबह यह चेतावनी स्तर को पार कर गया। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा का जलस्तर 38.70 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 39.33 मीटर है। यानी नदी अब खतरे के निशान से महज 63 सेंटीमीटर नीचे बह रही है।

जलस्तर बढ़ने के साथ सदर प्रखंड की कुतलुपुर पंचायत में कटाव ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। वार्ड नंबर छह के हरि बाबू टोला में गंगा तेजी से जमीन काट रही है। कई किसानों के खेत नदी में समा चुके हैं और कटाव स्थल से करीब 10 फीट की दूरी पर एक दर्जन से अधिक घर मौजूद हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि कटाव नहीं रुका तो उनके आशियाने भी गंगा की धारा में समा सकते हैं।

शनिवार दोपहर बाद से जलस्तर में करीब दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ोतरी दर्ज होने की बात कही गई है। पानी बढ़ने के साथ निचले इलाकों में भी चिंता बढ़ गई है।

कुतलुपुर पंचायत के वार्ड नंबर 15 स्थित हृदय नारायण चौधरी टोला में भी कटाव जारी है। इसी इलाके में पंचायत सरकार भवन और हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थित है, जिससे इन सरकारी भवनों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रशासन की ओर से कटाव निरोधी कार्य कराए गए हैं, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि कई संवेदनशील स्थानों पर अभी काम बाकी है। एक तरफ गंगा खतरे के निशान की ओर बढ़ रही है, तो दूसरी तरफ तेजी से हो रहा कटाव खेतों और घरों के लिए आफत बन गया है। अब ग्रामीणों की निगाह प्रशासन पर है कि शेष संवेदनशील इलाकों में कटाव रोकने के लिए प्रभावी कदम कब तक उठाए जाते हैं।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान