Bihar Flood : मुंगेर में मां चंडिका स्थान मंदिर परिसर में फिर घुसा गंगा का पानी, 5 फीट जलजमाव के बीच बाहर से पूजा करने को मजबूर श्रद्धालु

Bihar Flood : मुंगेर में गंगा के बढ़ते जलस्तर का असर एक बार फिर प्रसिद्ध मां चंडिका स्थान मंदिर पर पड़ा है। मंदिर परिसर में दोबारा बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है।

मंदिर में घुसा बाढ़ का पानी - फोटो : IMTIYAZ

MUNGER : बिहार के मुंगेर जिले में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का प्रकोप एक बार फिर सिद्ध शक्तिपीठ मां चंडिका स्थान मंदिर पर देखने को मिल रहा है। देश के 52 शक्तिपीठों में से एक इस प्रसिद्ध मंदिर परिसर में दोबारा बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। प्रांगण में लगभग 4 से 5 फीट तक जलजमाव हो जाने के कारण श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बाढ़ का पानी मुख्य गर्भगृह के मुहाने तक पहुंच चुका है, जिससे भक्तों का अंदर जाना पूरी तरह बंद हो गया है।

चंडिका स्थान के प्रधान पुजारी नंदन बाबा ने बताया कि कुछ दिन पूर्व मंदिर परिसर से बाढ़ का पानी पूरी तरह उतर गया था। हालांकि, मंगलवार की रात से गंगा के जलस्तर में फिर से उफान आने के कारण मंदिर प्रांगण एक बार फिर जलमग्न हो गया है। पानी की गहराई अधिक होने की वजह से श्रद्धालु गर्भगृह में प्रवेश नहीं कर पा रहे हैं और मंदिर के बाहर से ही मां चंडिका की पूजा-अर्चना व दर्शन कर रहे हैं।

प्रधान पुजारी के अनुसार, मंदिर परिसर से बाढ़ का पानी पूरी तरह से निकलने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त होने के बाद ही गर्भगृह में विधिवत रूप से पूजा-पाठ और दर्शन की प्रक्रिया दोबारा शुरू कराई जाएगी। 

उल्लेखनीय है कि गंगा के जलस्तर में उतार-चढ़ाव के कारण मुंगेर के तटीय और निचले इलाकों में एक बार फिर जलजमाव की स्थिति गंभीर बन गई है।

इम्तियाज़ की रिपोर्ट