Bihar Road Accident: वट सावित्री की खुशियां मातम में बदलीं, ट्रक से कुचलकर बच्ची की मौत, आक्रशित लोगों नें NH-80 किया जाम

Bihar Road Accident: वट सावित्री पूजा की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब पूजा सामग्री खरीदने बाजार आई एक 12 वर्षीय बच्ची की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई।

चीख-पुकार और गुस्से का माहौल- फोटो : reporter

Bihar Road Accident:  मुंगेर जिले में वट सावित्री पूजा की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब पूजा सामग्री खरीदने बाजार आई एक 12 वर्षीय बच्ची की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में कोहराम मच गया और गुस्साए ग्रामीणों ने NH-80 को जाम कर जमकर हंगामा किया।

घटना नया रामनगर थाना क्षेत्र के नौवागढ़ी बाजार की है। मृत बच्ची की पहचान केसोपुर गांव निवासी प्रमोद पासवान की 12 वर्षीय पुत्री प्रिया कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रिया अपनी चाची कविता देवी के साथ वट सावित्री पूजा की सामग्री खरीदने बाजार आई थी। खरीदारी के बाद वह सड़क किनारे खड़ी थी, तभी मुंगेर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बेटी की मौत के बाद मां सुशीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल था।

गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने बच्ची के शव को सड़क पर रखकर NH-80 जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी ट्रक चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना मिलने पर नया रामनगर और मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नौवागढ़ी बाजार में भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान