Bihar News: मुंगेर के पोलो मैदान में आज़ादी का जश्न , प्रभारी मंत्री कृष्ण कुमार मंटू ने फहराया तिरंगा, परेड में दिखी देशभक्ति की झलक
Bihar News: 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मुंगेर के ऐतिहासिक पोलो मैदान में धूमधाम से तिरंगा फहराया गया।
Bihar News: 79वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मुंगेर के ऐतिहासिक पोलो मैदान में धूमधाम से तिरंगा फहराया गया। जिले के प्रभारी मंत्री कृष्ण कुमार मंटू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड को सलामी दी। इस मौके पर जिले के सभी अधिकारी, विधायक, जनप्रतिनिधि, शहर के गणमान्य लोग और हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद थे।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी मंत्री द्वारा परेड निरीक्षण से हुई, जिसके बाद उन्होंने झंडोतोलन किया। अपने संबोधन में उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी कुर्बानियां देश कभी नहीं भूलेगा। साथ ही प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा मुंगेर में कराए गए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
परेड समारोह में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले पुलिस जवानों को मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, समाजसेवियों और अन्य लोगों को भी सम्मानित किया गया।
परेड और समारोह को देखने के लिए उमड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पोलो मैदान की सुरक्षा के लिए जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की थी। मुख्य कार्यक्रम के बाद जिले के सभी प्रशासनिक कार्यालयों, पुलिस लाइन और विजय चौक पर भी ध्वजारोहण किया गया।
रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान