मुंगेर में अंतरराज्यीय वाहन लूट गिरोह का भंडाफोड़: झारखंड के धनबाद से लूटी गई ऑटो बरामद, 4 शातिर गिरफ्तार

मुंगेर में अंतरराज्यीय वाहन लूट गिरोह का भंडाफोड़- फोटो : इम्तियाज खान

Munger : जिले की पुलिस ने वाहन लूट की वारदात को अंजाम देने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार अपराधियों को दबोच लिया है। वारदात 25 सितंबर की रात गंगटा थाना क्षेत्र में हुई थी, जहां जमालपुर रेलवे स्टेशन से रिजर्व कराकर ले जाई गई ऑटो के चालक के साथ अपराधियों ने मारपीट की। इसके बाद चालक का मुंह बंद कर और हाथ-पैर बांधकर उसे सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया तथा ऑटो लेकर फरार हो गए थे।


सफियासराय के सिंटू कुमार की शिकायत पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी

घटना के अगले दिन यानी 26 सितंबर को सफियासराय थाना क्षेत्र के नौलखा निवासी ऑटो चालक सिंटू कुमार ने गंगटा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की।


एसपी सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर बनी टीम ने CCTV के जरिए कसा शिकंजा

मुंगेर एसपी सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और मानवीय सूचना तंत्र के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जमुई जिले के गढ़ी थाना अंतर्गत हरनी गांव में छापेमारी कर तीन अपराधियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में धर्मेंद्र कुमार उर्फ धड़कन (गढ़ी, जमुई), कुंदन कुमार और विक्की कुमार (दोनों फरकी पत्थर, कौआकोल, नवादा) शामिल हैं।


25 हजार रुपये में बेची गई थी ऑटो, धनबाद के निरसा से चौथा आरोपी गिरफ्तार

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि धर्मेंद्र और कुंदन ने जमालपुर से ऑटो बुक की थी, जबकि विक्की रास्ते में शामिल हुआ था। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों ने लूटी गई ऑटो को मात्र 25 हजार रुपये में निशांत कुमार को बेच दिया था। तीनों की निशानदेही पर पुलिस ने झारखंड के धनबाद जिले स्थित निरसा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर निशांत कुमार (मूल निवासी बहादुरगंज, कतरीसराय, नालंदा) को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से लूटी गई ऑटो भी सकुशल बरामद कर ली।


बिहार-झारखंड में सक्रिय था गिरोह, पूर्व में भी जा चुके हैं जेल

एसपी के अनुसार, यह गिरोह बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों में सक्रिय रहकर वाहन लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरफ्तार अभियुक्तों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है और वे पूर्व में चोरी तथा मद्यनिषेध (शराब) से जुड़े मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी चार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इम्तियाज की रिपोर्ट