Jamalpur Station Crime:मालदा-आनंद विहार एक्सप्रेस से उतरा तस्कर गिरफ्तार, 2 लाख की ब्राउन शुगर बरामद

मालदा-आनंद विहार एक्सप्रेस से उतरे एक युवक को 200 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत लगभग 2 लाख रुपये) के साथ गिरफ्तार किया गया है। पकड़ा गया आरोपी भागलपुर के उल्टा पुल से नशीला पदार्थ खरीदकर मुंगेर में सप्लाई करता था।

जमालपुर में ब्राउन शुगर बरामद- फोटो : Reporter

मुंगेर जिले के जमालपुर रेलवे स्टेशन पर सीआईबी (CIB) की टीम ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर सीआईबी इंस्पेक्टर सुधांशु कुमार सुधा के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान मालदा-आनंद विहार एक्सप्रेस से उतरे एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से लगभग 200 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।


संदेह होने पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 13429 मालदा-आनंद विहार एक्सप्रेस जैसे ही प्लेटफॉर्म नंबर दो पर रुकी, एक युवक तेजी से फुटओवर ब्रिज की ओर बढ़ने लगा। सुरक्षा बलों द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर वह तेजी से भागने की कोशिश करने लगा। सीआईबी जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे पकड़ लिया। जांच के दौरान पकड़े गए आरोपी की पहचान मुंगेर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित दिलावरपुर निवासी मोहम्मद सद्दाम गुलफाम के रूप में हुई है।


भागलपुर से मुंगेर तक जुड़ा था तस्करी का नेटवर्क

कड़ी पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह भागलपुर के उल्टा पुल के पास अंकित नाम के एक व्यक्ति से ब्राउन शुगर खरीदकर लाता था और मुंगेर के स्थानीय क्षेत्रों में इसकी सप्लाई करता था। नशे के इस खतरनाक नेटवर्क का पर्दाफाश होने के बाद पुलिस अब मुख्य सप्लायर और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस और सीआईबी की टीम संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।


जीआरपी को सौंपा गया, आगे की कार्रवाई जारी 

कार्रवाई के पश्चात सीआईबी की टीम आरोपी को जब्त किए गए मादक पदार्थ के साथ आरपीएफ (RPF) पोस्ट लेकर आई, जहां आवश्यक कागजी और कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद आगे की विधिक कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आरोपी को जीआरपी (GRP) के हवाले कर दिया गया। सीआईबी अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ से मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य तस्करों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मुंगेर से मो. इम्तियाज़ खान की रिपोर्ट