मुंगेर में हथियारों की बड़ी खेप बरामद: 5 पिस्टल और 5 मैगजीन के साथ कूरियर बॉय गिरफ्तार, बाइक के हैंडल में था गुप्त चेंबर
मुंगेर पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर प्रहार करते हुए एक शातिर तस्कर को भारी मात्रा में हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसके पास से भारी मात्रा मे हथियार बरामद किया है.....
Munger : जिले की पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर प्रहार करते हुए एक शातिर तस्कर को भारी मात्रा में हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में सदर एसपी अभिषेक आनंद ने मीडिया के सामने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किया गया आरोपी खुद हथियार बनाने का काम नहीं करता था, बल्कि वह इस काले कारोबार में सिर्फ एक 'कूरियर बॉय' के तौर पर काम कर रहा था।
भागलपुर से आ रही बाइक को तीनबटिया चौक पर घेरा
हथियार तस्करी की इस बड़ी साजिश का भंडाफोड़ गुप्त सूचना के आधार पर हुआ। बरियारपुर थाना पुलिस को इनपुट मिला था कि एक युवक काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल पर भागलपुर की ओर से अवैध हथियारों की खेप लेकर मुंगेर की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही सदर एसपी अभिषेक आनंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बरियारपुर तीनबटिया चौक के पास सघन वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
हैंडल के गुप्त चेंबर से निकले हथियार, आरोपी की हुई पहचान
पकड़े गए युवक की जब गहन तलाशी ली गई, तो पुलिस कर्मी भी हैरान रह गए। तस्कर ने पुलिस को चकमा देने के लिए मोटरसाइकिल के हैंडल के भीतर एक शातिराना 'गुप्त चेंबर' बना रखा था। इस चेंबर को खोलने पर पुलिस ने 5 अत्याधुनिक देसी पिस्टल और 5 अतिरिक्त मैगजीन बरामद की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सीताकुंड निवासी मो. शबकत अंसारी उर्फ करकू के रूप में की गई है। पुलिस ने मौके से हथियार, बाइक और उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है।
हर डिलीवरी के मिलते थे 2 से 3 हजार रुपये
सदर एसपी अभिषेक आनंद ने आरोपी से हुई पूछताछ के आधार पर बताया कि मो. शबकत अंसारी सिर्फ एक मोहरा था। उसे भागलपुर से हथियार उठाकर मुंगेर के बरदह निवासी मो. सलीम उर्फ फेलोशन तक सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी। इस काम के बदले उसे प्रति डिलीवरी महज दो से तीन हजार रुपये दिए जाते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी इससे पहले भी कई बार भागलपुर से हथियारों की खेप लाकर मो. सलीम तक पहुंचा चुका है।
अब आरोपी का मोबाइल खोलेगा सिंडिकेट के कई बड़े राज
बरियारपुर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी के मोबाइल फोन को खंगालने में जुटी है। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस फोन से हथियार तस्करी के अंतर-जिला नेटवर्क के कई अहम राज खुलेंगे। पुलिस मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर काम कर रही है: भागलपुर में बैठा मुख्य सप्लायर कौन है, आरोपी किन-किन लोगों के संपर्क में था, और मुंगेर के बाद इन हथियारों की सप्लाई आगे कहां-कहां होनी थी। पूरे सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
इम्तियाज की रिपोर्ट