Bihar News: मुंगेर में अफवाहों का गैस बम,सिलेंडर के लिए मची भगदड़,लंबी कतारों में खड़े उपभोक्ता

Bihar News: खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों ने लोगों के दिलों में डर बैठा दिया है।

मुंगेर में अफवाहों का गैस बम- फोटो : reporter

Munger: जिला में इन दिनों रसोई गैस को लेकर अजीबो-गरीब हालात पैदा हो गए हैं। खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों ने लोगों के दिलों में डर बैठा दिया है। नतीजा यह हुआ कि जैसे ही गैस की किल्लत की खबर फैली, लोग घबराकर गैस एजेंसियों और गोदामों की ओर दौड़ पड़े। कई जगहों पर सुबह से ही लंबी-लंबी कतारें लग गईं और माहौल में अफरातफरी का आलम देखने को मिला।

दरअसल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खाड़ी इलाके में तनाव की खबरों के बाद लोगों को यह खौफ सताने लगा कि कहीं रसोई गैस की सप्लाई पर असर न पड़ जाए। इसी आशंका ने लोगों को परेशान कर दिया। कई उपभोक्ता तो एक अतिरिक्त सिलेंडर जमा करने की नीयत से सीधे गोदामों तक पहुंच गए, जिससे गैस एजेंसियों पर अचानक भीड़ उमड़ पड़ी।

एक स्थानीय गैस एजेंसी संचालक सुबोध वर्मा ने बताया कि लोगों को बार-बार समझाया जा रहा है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। गोदाम में पर्याप्त मात्रा में गैस मौजूद है और सभी उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलेगा। लेकिन सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के कारण लोग आश्वस्त नहीं हो पा रहे और लगातार एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं।

एजेंसी संचालक के मुताबिक पहले रोजाना दो गाड़ियां गैस की सप्लाई लेकर आती थीं, लेकिन फिलहाल सप्लाई थोड़ी प्रभावित हुई है और अब एक-दो दिन के अंतराल पर गैस पहुंच रही है। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि इससे उपभोक्ताओं को कोई बड़ी दिक्कत नहीं होगी।

उधर लाइन में खड़े लोगों का कहना है कि सुबह से ही वे सिलेंडर लेने के लिए कतार में लगे हुए हैं। उन्हें खबर मिली थी कि जल्द ही गैस की किल्लत होने वाली है, इसलिए वे पहले ही सिलेंडर लेने आ गए। कई गृहिणियों ने कहा कि रसोई गैस के बिना घर का चूल्हा ठंडा पड़ जाएगा, क्योंकि आज के दौर में खाना बनाने के लिए गैस सबसे जरूरी साधन बन चुका है।

लोगों का मानना है कि सरकार को ऐसी अफवाहों पर लगाम लगाने के साथ-साथ गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि आम उपभोक्ताओं में डर और अफरातफरी का माहौल खत्म हो सके। फिलहाल मुंगेर में हकीकत और अफवाह के बीच फंसे लोग गैस सिलेंडर के लिए कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान