Bihar Flood: महाने नदी का रौद्र रूप, तीसरी बार बहा डायवर्सन, जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे छात्र-मरीज

Bihar Flood: निर्माणाधीन पुल के लिए बनाया गया डायवर्सन तेज बहाव में तीसरी बार बह गया।...

महाने नदी का रौद्र रूप- फोटो : reporter

Bihar Flood: मुंगेर जिले के टेटिया बंबर प्रखंड में महाने नदी की तेज धार ने एक बार फिर तबाही मचा दी है। बरसंडा गांव के समीप निर्माणाधीन पुल के लिए बनाया गया डायवर्सन तेज बहाव में तीसरी बार बह गया। डायवर्सन के ऊपर करीब दो फीट पानी बह रहा है, जिसके चलते दर्जनों गांवों का प्रखंड मुख्यालय, थाना, अस्पताल और बाजार से संपर्क बाधित हो गया है। हालात ऐसे हैं कि छात्र-छात्राओं से लेकर मरीज और जरूरी काम से निकलने वाले ग्रामीण जान जोखिम में डालकर उफनती नदी की तेज धार के बीच रास्ता पार करने को मजबूर हैं।

बताया जा रहा है कि बुधवार से रुक-रुककर हो रही लगातार बारिश और पहाड़ी-जंगली इलाकों में हुई तेज बारिश के बाद महाने नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। देखते ही देखते नदी की धार इतनी तेज हो गई कि हाल में दुरुस्त किए गए डायवर्सन को भी अपने साथ बहा ले गई। डायवर्सन के बह जाने से इलाके में आवागमन बुरी तरह प्रभावित है।

इन दिनों कई स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में छात्र-छात्राएं भी जोखिम उठाकर तेज बहाव के बीच नदी पार करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं मरीजों को अस्पताल ले जाने और ग्रामीणों को प्रखंड मुख्यालय तथा बाजार तक पहुंचने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक करीब दो सप्ताह के भीतर यह डायवर्सन तीसरी बार नदी की तेज धार में बहा है। इससे पहले ह्यूम पाइप के ऊपर मिट्टी डालकर अस्थायी तौर पर रास्ता बहाल करने की कोशिश की गई थी, लेकिन पानी का दबाव बढ़ते ही वह व्यवस्था भी ध्वस्त हो गई।

बार-बार डायवर्सन बहने से ग्रामीणों में नाराजगी गहराती जा रही है। लोगों का कहना है कि हर बार अस्थायी व्यवस्था करने के बजाय मजबूत और सुरक्षित डायवर्सन बनाया जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि छात्र, मरीज और आम लोग जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर न हों।

रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान