मुंगेर में अवैध हथियारों के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ : पूरबसराय से 6 हथियार और 145 कारतूस बरामद, एक गिरफ्तार

मुंगेर पुलिस ने वैध हथियारों की तस्करी और कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के बड़े नेटवर्का का खुलासा किया है। पुलिस ने एक मकान में छापेमारी कर हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है, वही मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है....

भारी मात्रा मे हथियार के साथ तस्कर गिरफ्तार- फोटो : इम्तियाज खान

Munger : जिले की पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी और कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार के बड़े नेटवर्का का खुलासा किया है। पुलिस ने पूरबसराय थाना क्षेत्र के कमेला रोड स्थित एक मकान में छापेमारी की है। मौके से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद करते हुए एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका भाई अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।


दो भाई मिलकर चला रहे थे हथियारों का साम्राज्य

पुलिस के अनुसार, कमेला रोड स्थित मकान से दो भाई मिलकर अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और सप्लाई का धंधा चला रहे थे। भारी मुनाफे के लिए ये पूरे इलाके में हथियार और कारतूस सप्लाई करते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 4 देसी कट्टा, 2 देसी बंदूक और 145 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वहीं ने मौके से मोहम्मद इरशाद को धर दबोचा, जबकि उसका भाई अरशद मौके से फरार हो गया।


एसपी सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर गठित हुई थी विशेष टीम

मुंगेर के पुलिस अधीक्षक (SP) सैयद इमरान मसूद को गुप्त सूचना मिली थी कि कमेला रोड के एक घर में अवैध असलहों की बड़ी खेप रखी गई है और वहां से तस्करी का खेल चल रहा है। एसपी के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे मकान की घेराबंदी कर सघन तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद हुए।


स्थानीय विवाद में हथियारों के इस्तेमाल की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि इतनी बड़ी संख्या में कारतूस और हथियार कहां से लाए गए थे और किन्हें सप्लाई किए जाने थे। पुलिस को यह भी आशंका है कि हाल ही में स्थानीय मोहल्ले में हुए एक विवाद में इन्हीं हथियारों का इस्तेमाल किया गया था।


फिलहाल गिरफ्तार मोहम्मद इरशाद से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है और उसके फरार भाई अरशद की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है। पुलिस इस पूरे सिंडिकेट और उसके नेटवर्क के तारों को खंगालने में लगी है।


इम्तियाज खान की रिपोर्ट