नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, स्मैक के साथ तीन तस्कर को किया गिरफ्तार
Munger : जिले के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9.7 ग्राम स्मैक के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पदाधिकारी आवास के निकट मनरेगा भवन के समीप छापेमारी की, जहां से कुल 32 पुड़िया में रखी स्मैक बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की पहचान भारत माता मोहल्ला निवासी रोहित कुमार (पिता- भोला गोस्वामी), सिंहपुर गांव निवासी अक्षय कुमार (पिता- विभाष कुमार सिंह) और मोमिन टोला निवासी मोहम्मद जहीर (पिता- मोहम्मद सलीम) के रूप में हुई है। इन सभी पर स्मैक की तस्करी और सेवन करने का आरोप है।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक एसडीओ आवास के पास मनरेगा भवन के समीप अवैध रूप से स्मैक की खरीद-फरोख्त और सेवन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से 32 पुड़िया स्मैक (वजन करीब 9.7 ग्राम) बरामद हुई।
आगे की कानूनी कार्रवाई जारी
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध नशे के कारोबार के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन शामिल हैं।
इम्तियाज की रिपोर्ट