मुंगेर में धनतेरस को लेकर बाजार पूरी तरह तैयार: सर्राफा से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल दुकानों में विशेष ऑफर

धनतेरस को लेकर बाजार पूरी तरह तैयार- फोटो : इम्तियाज खान

Munger : जिले में धनतेरस के पावन अवसर पर पूरा बाजार दुल्हन की तरह सजकर तैयार हो गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार धनतेरस के दिन खरीदारी को बेहद शुभ माना जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर के सर्राफा, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल व्यापारियों ने ग्राहकों के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की हैं।


सर्राफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों और सिक्कों की नई रेंज उपलब्ध

मुंगेर के सर्राफा बाजार में धनतेरस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दुकानों में सोने की चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र, हार तथा चांदी के सिक्कों की नई और आधुनिक रेंज पेश की गई है। दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए कई तरह की छूट और आकर्षक ऑफर्स भी सजाए हैं।


ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में आसान फाइनेंस की सुविधा

बाइक और स्कूटी शोरूम में नए-नए मॉडल्स ग्राहकों को खूब लुभा रहे हैं। कई प्रमुख शोरूम्स में आसान फाइनेंस विकल्प और विशेष त्योहारी डिस्काउंट दिए जा रहे हैं। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में स्मार्ट टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, मोबाइल और मिक्सर जैसे घरेलू उपकरणों की बिक्री के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।


बर्तन बाजार में सजा पीतल, तांबा और स्टील का सामान

धनतेरस पर बर्तन खरीदने की पुरानी परंपरा को देखते हुए बर्तन बाजार में भी अच्छी-खासी चहल-पहल है। दुकानदारों ने स्टील, पीतल, तांबा और कांसे के बर्तनों की आकर्षक वैरायटी सजा रखी है। इसके अलावा फर्नीचर, मिठाइयाँ, पूजा सामग्री और घर की सजावट के सामान की दुकानों पर भी खरीदारी का माहौल बना हुआ है।


बेहतर कारोबार की उम्मीद में व्यापारी, ग्राहकों ने भी बनाई बजट योजनाएँ

शहर के दुकानदारों को उम्मीद है कि इस बार धनतेरस पर रिकॉर्ड बिक्री होगी। वहीं दूसरी ओर ग्राहक भी अपने-अपने बजट के अनुसार खरीदारी की तैयारी में जुटे हुए हैं। कुल मिलाकर मुंगेर का पूरा बाजार ग्राहकों का स्वागत करने और त्योहारी बिक्री के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है।


इम्तियाज की रिपोर्ट