Bihar Crime: मुंगेर में त्योहारों के बीच CIB की बड़ी कार्रवाई,ब्रह्मपुत्र मेल में लावारिस बैग से 20 किलो नशे का सामान बरामद

Bihar Crime: मुंगेर जिले के जमालपुर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रेलवे की क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच (CIB) को बड़ी कामयाबी मिली है।

नशीला पदार्थ बरामद - फोटो : IMTIYAZ

Bihar Crime: मुंगेर जिले के जमालपुर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रेलवे की क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच (CIB) को बड़ी कामयाबी मिली है। मंगलवार, 13 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 15658 ब्रह्मपुत्र मेल के ए-2 कोच में सीट के नीचे रखे एक लावारिस ट्रॉली बैग से 20 किलो 250 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ बरामद किया गया। जब्त पदार्थ की अनुमानित कीमत 10 लाख 12 हजार 250 रुपये बताई जा रही है। हालांकि, इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में आपराधिक गतिविधियों तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए सीआईबी जमालपुर की टीम विशेष निगरानी अभियान चला रही थी। इसी दौरान दोपहर करीब 1 बजकर 40 मिनट पर ब्रह्मपुत्र मेल प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची। ट्रेन के ए-2 कोच में सीट नंबर 41 के नीचे रखे एक संदिग्ध ट्रॉली बैग की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू की गई।जानकारी के मुताबिक, कामाख्या से किऊल तक यात्रा कर रहे यात्री सुमित दिवाकर ने बैग के लावारिस होने की सूचना दी थी। आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई भी बैग पर अपना दावा करने सामने नहीं आया। इसके बाद सीआईबी की टीम ने बैग को ट्रेन से उतारकर उसकी तलाशी लेने का फैसला किया।

वरीय अधिकारियों को सूचना देने के बाद एएससी/आरपीएफ जमालपुर हीरा प्रसाद सिंह की मौजूदगी में ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। पारदर्शिता के लिए पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। तलाशी के दौरान भूरे रंग के टेप से लिपटे दो पैकेट मिले। तौल में पहले पैकेट से 10 किलो 400 ग्राम और दूसरे पैकेट से 9 किलो 850 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ बरामद हुआ। दोनों पैकेटों का कुल वजन 20 किलो 250 ग्राम निकला। इसकी अनुमानित कीमत 10,12,250 रुपये आंकी गई है। हालांकि, बरामद पदार्थ की अंतिम पहचान की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। यह कार्रवाई सीआईबी जमालपुर के प्रभारी आईपीएफ एसके सुधा के नेतृत्व में की गई। टीम में एसआई एके राजक सहित कांस्टेबल रवि, संजय कुमार सुमन, गौतम कुमार, राणा प्रताप और रणवीर कुमार शामिल थे। वहीं, एएसआई यतींद्र पाठक और कांस्टेबल कन्हैया कुमार को कार्रवाई के दौरान गवाह बनाया गया।

रेलवे स्टेशन पर लावारिस बैग से इतनी बड़ी मात्रा में गांजा जैसा पदार्थ मिलने के बाद तस्करी के नेटवर्क को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आखिर बैग किसका था? मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी खेप किस जगह पहुंचाई जानी थी? फिलहाल इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही मिल सकेगा। बैग पर किसी यात्री के दावे और गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है। सीआईबी की इस कार्रवाई ने त्योहारों के दौरान रेलवे में मादक पदार्थों की आवाजाही रोकने की चुनौती को एक बार फिर सामने ला दिया है।

रिपोर्ट- मो, इम्तियाज खान