Bihar Crime:पत्नी के सामने युवक की कनपटी में मारी गोली, हत्या से दहला दियारा, इलाके में तनाव
Bihar Crime: बिहार में अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी कड़ी में अपराधियों ने युवक को कनपटी में गोली मार दी.......पढ़िए आगे
MUNGER : बिहार में अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित गंगा पार टीकारामपुर दियारा में सोमवार की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। खेत में खलिहान के पास मकई की फसल की रखवाली कर रहे एक युवक की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि वारदात उसकी पत्नी की आंखों के सामने अंजाम दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान टीकारामपुर भीम टोला निवासी 30 वर्षीय मंसूरी यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंसूरी यादव सोमवार की रात अपनी पत्नी सुनैना देवी के साथ खेत में तैयार मकई की फसल की निगरानी के लिए सोए हुए थे। देर रात अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और सो रहे मंसूरी यादव को निशाना बना लिया। प्रत्यक्षदर्शी पत्नी के अनुसार अपराधियों ने बेहद करीब से मंसूरी यादव की कनपटी में गोली मार दी। गोली लगते ही उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक चली गोली की आवाज से सुनैना देवी घबरा गईं और चीख-पुकार मचाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है।फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश, जमीन विवाद या कोई अन्य आपराधिक कारण है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
मृतक मंसूरी यादव अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनकी मौत के बाद पत्नी सुनैना देवी और तीन मासूम बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस जघन्य हत्या से स्तब्ध हैं। लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने एक बार फिर मुंगेर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों का माहौल है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई हैं।
रिपोर्ट- मो. इम्तियाज खान