Munger fire: मुंगेर अस्पताल में बड़ी लापरवाही, मेडिकल कचरे में आग, संक्रमण का खतरा बढ़ा

Munger fire: मुंगेर अस्पताल में मेडिकल कचरे में आग लगने से हड़कंप मच गया। इस तरह के लापरवाही से संक्रमण का खतरा बढ़ गया।

मुंगेर में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल- फोटो : news4nation

Munger fire: बिहार के मुंगेर मॉडल अस्पताल में एक गंभीर लापरवाही सामने आई है। ब्लड बैंक के पीछे अचानक धुआं उठता देखा गया, जिसके बाद स्थानीय लोग और अस्पताल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। वहां जाकर उन्होंने देखा कि मेडिकल कचरे में आग लगी हुई है। इस कचरे में ग्लव्स, सुई, सिरिंज और अन्य इस्तेमाल किए गए खतरनाक सामान शामिल थे। बताया जा रहा है कि रविवार होने के कारण उस समय अस्पताल के अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी सिविल सर्जन डॉ. राजू को फोन पर दी गई।

सिविल सर्जन ने बताया कि अस्पताल से निकलने वाले मेडिकल कचरे को उठाने के लिए भागलपुर से अधिकृत वाहन नियमित रूप से आता है, जो कचरे का सुरक्षित तरीके से निपटान करता है। लेकिन सफाई कर्मियों की लापरवाही के कारण इस कचरे को अस्पताल के पीछे खाई में फेंका जा रहा था। उन्होंने कहा कि उसी जमा कचरे में आग लगा दी गई, जो बेहद खतरनाक और चिंता की बात है। जानकारी मिलते ही संबंधित सफाई कर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि आगे से मेडिकल कचरे को जलाया न जाए और तय प्रक्रिया के अनुसार ही वाहन को सौंपा जाए।

काबू पा लिया गया

फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इस घटना ने अस्पताल की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मेडिकल कचरे में आग लगने से संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ जाता है, इसलिए अब इस मामले में कड़ी निगरानी की जरूरत बताई जा रही है।

मुंगेर से इम्तियाज की रिपोर्ट